आगरा में बड़ा सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने ऑटो को मारी टक्कर, 5 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में आज शनिवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार टैंकर (डंपर) ने सवारियों से भरे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन कई जिंदगियां तब तक दम तोड़ चुकी थीं। इस हादसे में आधा दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से 5 लोगों की मौत की सूचना है। यह दर्दनाक हादसा थाना खंदौली क्षेत्र के नगला चंदन–जलेसर रोड पर हुआ। बताया जा रहा है कि टैंकर बेहद तेज गति में था। टक्कर के बाद सड़क पर खून और मलबा बिखर गया। कुछ घायलों की हालत इतनी गंभीर है कि उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाना पड़ा। सूत्रों के अनुसार 3 घायलों की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है, जबकि मृतकों की संख्या 5 बताई जा रही है, लेकिन अभी आधिकारिक पुष्टि बाकी है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने टैंकर चालक की तलाश शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा में हुए इस सड़क हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने मृतकों के शोक-संतप्त परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। यह हादसा एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही पर बड़ा सवाल खड़ा करता है।
