भीलवाड़ा में क्रिकेट सट्टे का खुलासा, 49 मोबाइल और करोड़ों के हिसाब के साथ 6 गिरफ्तार

भीलवाड़ा में आईपीएल और अंतरराष्ट्रीय मैचों के बीच सक्रिय सट्टा बाजार पर पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. एसपी के कड़े निर्देशों पर गठित स्पेशल टीम ने शुक्रवार देर रात भीमगंज थाना क्षेत्र के नेहरू विहार कॉलोनी में चल रहे एक हाईटेक सट्टा रैकेट का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने मौके से करोड़ों के हिसाब-किताब के साथ 6 आरोपियों को रंगे हाथों दबोचा है.

भीलवाड़ा एसपी ने कहा कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नेहरू विहार के एक बंद मकान में ऑस्ट्रेलिया बनाम पाकिस्तान क्रिकेट मैच पर बड़े स्तर पर ऑनलाइन दांव लगाए जा रहे हैं. सूचना मिलते ही एएसपी पारसमल जैन, डीवाईएसपी सज्जन सिंह और आईपीएस प्रोबेशनर आयुष श्रोत्रिय के सुपरविजन में टीम ने घेराबंदी की. जब पुलिस ने मकान के भीतर दबिश दी, तो नजारा किसी कॉल सेंटर जैसा था. तीन अलग-अलग कमरों में बड़ी टेबल-कुर्सियां लगी थीं और लैपटॉप व मोबाइल फोन के जाल बिछे हुए थे.

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके से 49 एंड्रॉयड मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप और 2 टैबलेट बरामद किए हैं. सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इनके पास से मिले रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड में करोड़ों रुपए का सट्टे का हिसाब-किताब दर्ज है. पुलिस ने सभी उपकरणों को जब्त कर लिया है, जिनसे कई बड़े सफेदपोशों के नाम सामने आने की उम्मीद है.

पुलिस ने मौके से भीलवाड़ा और आसपास के रहने वाले 6 सटोरियों को गिरफ्तार किया है. भीमगंज पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गेमलिंग एक्ट और आईटी एक्ट के साथ-साथ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है. एसपी धर्मेंद्र सिंह ने साफ कर दिया है कि शहर में अवैध गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि सट्टे के इस बड़े नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचा जा सके.

इनको किया गिरफ्तार :-

​गोविंद तेजवानी (सुभाषनगर)​ चंदन फतनानी (शास्त्रीनगर)​तरुण करनानी (शास्त्रीनगर)​मूलचंद (शास्त्रीनगर)​आरिफ अंसारी (भीमगंज)​कमलेश कलवानी (नाथद्वारा सराय)

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *