स्कूल फेयरवेल पार्टी बना स्टंट शो… कार के विंडो से लटके छात्र, हरियाणवी गाने पर रील बनाई, सोशल-मीडिया पर डाला
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में 12वीं के स्टूडेंट अपनी विदाई पार्टी में कार-बाइक से स्टंट करते हुए स्कूल पहुंचे। गाड़ियों का काफिला शहर में निकला, जिसमें 26 छात्र सवार थे। स्टंट का वीडियो भी सामने आया है जिसमें कार की खिड़की पर स्टूडेंट आधे लटकते और फोटोग्राफी करते नजर आए। मामला कसडोल थाना क्षेत्र का है। स्टूडेंट्स ने बाकायदा खतरनाक स्टंट का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर हरियावणी गाने के साथ अपलोड किया। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने पहचान कर सभी स्टूडेंट और उनके पेरेंट्स को थाने बुलाया। जहां छात्रों ने पुलिस से बहस की और दुर्व्यवहार कर कहा, क्या कर लोगे। इनमें ज्यादातर नाबालिग छात्र थे। थाने में पुलिस की फटकार के बाद लड़कों ने माफी मांगी। गाड़ी मालिक उनके पेरेंट्स के खिलाफ FIR हुई है। वहीं, 10 बालिग लड़के जो कार ड्राइव कर रहे थे, उनके खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक्शन लिया गया।
वायरल वीडियो से पहचान कर 16 नाबालिगों सहित 26 युवाओं को पकड़ा गया है। वाहन चालकों-मालिकों से 32,000 का जुर्माना भी वसूला गया।
कटगी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 31 जनवरी को एनुअल फंक्शन और 12वीं के बच्चों का विदाई समारोह था। जहां 26 छात्रों ने कार और बाइकों पर स्टंट करते हुए स्कूल कैंपस में एंट्री ली। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो मामला थाने पहुंचा। 3 फरवरी को पुलिस ने कार्रवाई की। वहीं, जिले में एक अन्य स्कूल के बच्चों का भी स्टंट करते हुए वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में 13 गाड़ियों का काफिला निकला था। जिसमें 30 से ज्यादा छात्र-छात्राएं शामिल है। जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।
कटगी स्कूल के वायरल वीडियो के आधार पर कसडोल पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छात्रों द्वारा उपयोग की गई दो कारें और दो बाइकें जब्त कीं। इस मामले में स्कूल से ड्रॉप आउट हो चुके छात्र भी शामिल थे। पुलिस ने 10 लड़कों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएसएस) के तहत प्रतिबंधात्मक आपराधिक मामला दर्ज किया है। इन सभी पर मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों के तहत भी कानूनी कार्रवाई की गई है।
घटना में शामिल 16 नाबालिग लड़कों और उनके पेरेंट्स को कसडोल थाने बुलाया गया। उन्हें भविष्य में ऐसी लापरवाही न दोहराने की चेतावनी दी गई। कसडोल के एसडीओपी केके वासनिक ने बताया कि नाबालिगों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर वाहन चलाए जा रहे थे, जिससे बड़ी घटना हो सकती थी।
उन्होंने यह भी बताया कि रोकने पर इन युवाओं ने दुर्व्यवहार किया, जिस पर अलग से कार्रवाई की गई है। इस पूरे मामले में कुल चार अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है।
