अपनी ही ‘शादी’ का कार्ड देख उड़े नेताजी के होश, रिश्तेदारों से लगाई न आने की गुहार

इंदौर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव इन दिनों एक बेहद अजीब मुसीबत में फंस गए हैं. किसी अज्ञात शरारती तत्व या साइबर अपराधी ने उनकी शादी का एक फर्जी डिजिटल निमंत्रण पत्र बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है. कार्ड में शादी की तारीख 24 फरवरी 2026 बताई गई है. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस कार्ड के साथ एक संदिग्ध लिंक भी भेजा जा रहा है. आशंका है कि यह लिंक किसी बड़े साइबर फ्रॉड का हिस्सा है. जैसे ही सदाशिव यादव को इस फर्जी निमंत्रण की भनक लगी, उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्होंने तुरंत स्पष्ट किया कि न तो उनकी कोई शादी है और न ही उन्होंने ऐसा कोई कार्ड भेजा है.

सदाशिव यादव ने आशंका जताई है कि उनका मोबाइल या सोशल मीडिया अकाउंट हैक कर लिया गया है, जिसके जरिए यह फर्जी सूचना फैलाई जा रही है. सदाशिव यादव ने अपने सभी मित्रों, रिश्तेदारों और परिचितों से अपील की है कि इस निमंत्रण पत्र और उससे जुड़े किसी भी लिंक को न खोलें. उन्होंने इस पूरे मामले की शिकायत भी संबंधित थाने में दर्ज कराई है और साइबर अपराध की आशंका जताई है. फिलहाल पुलिस और साइबर सेल मामले की जांच में जुटी हुई है कि आखिर यह फर्जी कार्ड किसने और किस मकसद से वायरल किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *