रायपुर में पैसों की बारिश कराने BJP पार्षद से ठगी, 3.50 लाख को 100 गुना करने झांसा, नकली-नोटों से भरा थैला थमाया
छत्तीसगढ़ : रायपुर में तंत्र-मंत्र के जरिए पैसों की बारिश कराने और 100 गुना करने का झांसा दिया गया। फिर ठक्कर बापा वार्ड के बीजेपी पार्षद रुस्तम कुर्रे से 3 लाख 50 हजार रुपए की ठगी कर ली गई। कथित तांत्रिकों ने अनुष्ठान कर नकली नोटों से भरा झोला थमा दिया। असली पैसों को लेकर भाग गए। पीड़ित पार्षद रुस्तम कुर्रे की शिकायत पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस उन्हें पकड़कर पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे मामले का खुलासा जल्द करेगी। घटना गुढ़ियारी थाना क्षेत्र की है। इससे पहले, बिलासपुर में एक शख्स ने 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा दिया था। कथित तांत्रिक ने बिल्हा के सबंलपुरी में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान का वीडियो बनाया। जिसमें पैसों की गड्डी के सामने नारियल, अगरबत्ती रखकर पूजा की। फिर अचानक ऊपर से पैसों की बारिश होने लगी थी।
दरअसल, गुढ़ियारी निवासी रुस्तम कुर्रे की मुलाकात एक साल पहले भिलाई के सुपेला में राहुल भारती से हुई थी। राहुल ने काम की तलाश में उनसे संपर्क बढ़ाया और लगातार फोन करता रहा। 4 फरवरी 2026 से राहुल ने उन्हें यह कहकर झांसे में लिया कि, उसके संपर्क में तांत्रिक मयंक दास है, जो तंत्र-मंत्र से पैसों को 100 गुना कर सकता है।
रूस्तम कुर्रे ने बताया कि, 6 फरवरी की शाम करीब 7 बजे राहुल भारती अपने साथी मयंक दास के साथ उसके कार्यालय मंगल बाजार गुढ़ियारी पहुंचा। वहां पूजा-पाठ की तैयारी कराई गई। पूजा के दौरान मयंक दास ने कैश मांगा। जिस पर उन्होंने 500 रुपए के 7 बंडलों में कुल 3 लाख 50 हजार रुपए दिए।
इसके बाद तांत्रिक मयंक ने उन्हें बाहर बैठने को कहा और रात करीब 10:30 बजे तक पूजा करता रहा। इसके बाद दोनों आरोपी श्मशान की मिट्टी लेने जा रहे कहकर नोटों से भरा थैला थमा दिया और बाइक से भाग गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर जब थैला खोला तो उसमें असली नोटों की जगह नकली नोटों के बंडल निकले। जब राहुल के मोबाइल पर कॉल किया गया तो फोन बंद मिला। पीड़ित ने देर रात थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
बीजेपी पार्षद की शिकायत के बाद पुलिस ने 4 घंटे की जांच के बाद दो संदेहियों को पकड़ लिया है। इन संदेहियों से पूछताछ की जा रही है। जांच अधिकारियों का कहना है कि, ठगी करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
