महिला ने बार-बार कबूतरों को खिलाया खाना, लग गया 2 लाख का जुर्माना

क्या आपने कभी सोचा है कि कबूतरों को खाना खिलाना अपराध हो सकता है और उसके लिए लाखों का जुर्माना लगाया जा सकता है? नहीं ना, पर सिंगापुर में ऐसा ही एक मामला चर्चा में है. यहां 71 साल की एक महिला पर 2 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, क्योंकि वो मना करने के बावजूद बार-बार कबूतरों को खाना खिला रही थी. आमतौर पर पशु-पक्षियों को खाना खिलाना अच्छा माना जाता है, लेकिन जरा सोचिए कि अगर इस वजह से आपके ऊपर जुर्माना लगा दिया जाए तो? जी हां. सिंगापुर में एक महिला के साथ कुछ ऐसा ही हुआ है, जिसने सभी को हैरान कर दिया है. दरअसल, यहां 71 साल की एक महिला पर जंगली पक्षियों को बार-बार खाना खिलाने के आरोप में 3,200 सिंगापुर डॉलर यानी 2,27,845 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि उसने पहले ये वादा किया था कि वो पक्षियों को अब खाना नहीं खिलाएगी. महिला ने वन्यजीव अधिनियम के तहत चार आरोपों में अपना अपराध स्वीकार किया है.

यह पहली बार नहीं है जब महिला को पक्षियों को खाना खिलाने को लेकर कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ा है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पिछले साल मई में उन्हें इसी अपराध के लिए और पक्षी पकड़ने के काम में बाधा डालने के लिए 1,200 सिंगापुर डॉलर का जुर्माना लगाया गया था. हालांकि उन्होंने उस समय अदालत को बताया था कि वह ऐसा दोबारा नहीं करेंगी, लेकिन फिर एक महीने के भीतर ही महिला ने दोबारा से वही काम किया.

प्रॉसिक्यूटर ने इस मामले में सबूत पेश किए कि महिला ने जुलाई 2025 से जनवरी 2026 के बीच 9 अलग-अलग मौकों पर कबूतरों को अनाज और रोटी खिलाया. अदालत में चलाए गए वीडियो फुटेज में महिला को टोआ पेयो में अपने फ्लैट के पास पक्षियों के झुंड से घिरा हुआ दिखाया गया है. कोर्ट ने सुना कि महिला ने अपने सांसद से मिलकर इस मामले में खेद जताया, लेकिन फिर तीन दिन बाद ही उसे दोबारा पक्षियों को दाना खिलाते हुए पकड़ा गया. प्रॉसिक्यूटर ने उसके इस अपराध को ‘कानून की लगातार अवहेलना’ बताया और तर्क दिया कि उन्हें रोकने के लिए भारी जुर्माना लगाना जरूरी है.

वहीं, इस मामले में महिला ने अदालत को बताया कि वो बेरोजगार है और उसके पास मेडिकल बीमा भी नहीं है. उसने जुर्माने की रकम कम करने का अनुरोध किया है और इसके बदले सामुदायिक सेवा करने की पेशकश की है. हालांकि जज द्वारा 3,200 सिंगापुर डॉलर जुर्माना तय किए जाने के बाद उसने कहा कि वो पूरी राशि तुरंत चुका देगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *