बदरुद्दीन अजमल बोले- कोर्ट हिमंता को चुनाव लड़ने से रोके, एक दिन भी CM बने रहने लायक नहीं
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा के शूटिंग वीडियो को लेकर AIUDF प्रमुख बदरुद्दीन अजमल ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। अजमल ने अदालत से आग्रह किया कि सरमा को चुनाव लड़ने से रोका जाए। वह एक दिन भी अपनी कुर्सी पर बने रहने के योग्य नहीं हैं। बदरुद्दीन अजमल ने एक वीडियो जारी कर कहा कि पिछले छह महीनों से एक समुदाय के खिलाफ लगातार नफरत भरे भाषण दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि दो दिन पहले दिखाया गया कि हिमंत बिस्व सरमा मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों की ओर बंदूक तान रहे हैं।
दरअसल, विवाद 7 फरवरी को शेयर किए गए एक वीडियो को लेकर है। जिसमें मुख्यमंत्री दो मुस्लिम लोगों की ओर राइफल ताने हुए दिखाई दे रहे थे। एक दिन बाद हटा लिया गया।
असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (APCC) ने मंगलवार को दिसपुर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में कहा गया कि असम बीजेपी के आधिकारिक X हैंडल से शेयर किया गया वीडियो भड़काऊ और सांप्रदायिक है। कांग्रेस का दावा है कि वीडियो पर लिखे कुछ लाइन भी लिख थे। जैसे ‘विदेशियों से मुक्त असम, कोई रहम नहीं’, ‘तुम पाकिस्तान क्यों नहीं चले गए?’ शिकायत में कहा गया कि ऐसे शब्द राज्य के बंगाली मूल के मुसलमानों को निशाना बनाते हैं, जिन्हें अक्सर ‘मिया’ या ‘बांग्लादेशी’ कहकर संबोधित किया जाता है।
कांग्रेस नेताओं सिबामोनी बोरा और दिगंता बाउमन ने पुलिस से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
