बड़ी खबर : छत्तीसगढ़ में कोल कारोबारियों के ठिकानों पर IT रेड, बिलासपुर में फिल ग्रुप के घर-ऑफिस में दबिश
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर और जांजगीर-चांपा में कोल कोराबारियों के ठिकानों पर आयकर विभाग (IT) की टीम ने रेड मारी है। बिलासपुर में फिल ग्रुप के फैक्ट्री और घर समेत अलग-अलग ठिकानों पर टीम ने एक साथ दबिश दी है। जबकि जांजगीर-चांपा में तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में IT टीम ने छापा मारा है। बिलासपुर में IT की टीम ने फिल ग्रुप की ठिकानों पर दबिश दी है। अधिकारी SIR (सर्वे/इंस्पेक्शन रिपोर्ट) की सर्वे टीम बनकर कार्रवाई कर रहे हैं। टीम की गाड़ियों में SIR के स्टीकर भी लगे हुए हैं। फिलहाल, टीम श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित कार्यालय और रामा वर्ल्ड स्थित निवास में जांच और दस्तावेजों की छानबीन कर रही है। कार्रवाई के दौरान टीम की ओर से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि फिल ग्रुप के मालिक प्रवीण झा हैं।
अफसरों की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कोल वाशरी में बड़े पैमाने पर कोल मिक्सिंग के साथ टैक्स में हेराफेरी की जा रही थी। कारोबारी टैक्स बचाने के लिए तरह-तरह के हथकंडे अपना रहे थे। कारोबार से होने वाली आय की तुलना में कम टैक्स भुगतान किए जाने की आशंका के चलते यह कार्रवाई की गई है। हालांकि, जांच के लिए पहुंचे अधिकारी इस मामले में कुछ भी कहने से बचते नजर आए। वहीं जानकारों का कहना है कि आयकर टीम को कंपनी के रिकॉर्ड में कई खामियां मिली हैं और टैक्स चोरी के भी प्रमाण सामने आए हैं।
जांजगीर-चांपा जिले के चांपा-बिर्रा रोड स्थित तिरुपति मिनरल्स के कार्यालय में आयकर विभाग (IT) की टीम ने छापा मारा है। जानकारी के अनुसार, आयकर विभाग की टीम ने कोयला व्यापारी अंशुमान मुरारका के दफ्तर में दबिश दी है।
बताया जा रहा है कि टीम सुबह से ही कार्यालय में मौजूद है और दस्तावेजों, लेनदेन, वित्तीय रिकॉर्ड की गहन जांच की जा रही है। आयकर विभाग के अधिकारी कार्यालय के भीतर बैठकर आय-व्यय और खातों की पड़ताल कर रहे हैं।
