‘हमारी आवाज हिड़मा’ गाने पर आदिवासी-समाज ने किया डांस, जगदलपुर पुलिस की मौजूदगी में लोग नाचे
छत्तीसगढ़ : जगदलपुर में नक्सली हिड़मा के गाने पर आदिवासी समाज के सदस्यों ने जमकर डांस किया। 11 फरवरी को भूमकाल स्मृति दिवस पर आदिवासी समाज ने रैली निकाली थी। बताया जा रहा है कि गीत बजने के दौरान कुछ लोग नाचते हुए भी नजर आए। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही बस्तर पुलिस सतर्क हो गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने यह पता लगाने की कवायद तेज कर दी है कि आखिर यह गीत किसने बजवाया और इसके पीछे किसी की शरारत या साजिश तो नहीं थी। पुलिस ने संबंधित डीजे संचालकों और आयोजन से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि समाज के कुछ पदाधिकारियों को भी तलब कर यह जानकारी ली गई है कि हिड़मा से संबंधित गीत बजाने की अनुमति किसने दी थी। मामले को लेकर सर्व आदिवासी समाज भी सामने आया है। समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं थी कि रैली के दौरान ऐसा कोई गीत बजाया जाएगा। उनका दावा है कि संभाग भर से आए पदाधिकारी रैली के अग्रभाग में चल रहे थे, जबकि पीछे से यह गीत बजा और कुछ लोग उस पर नाचने लगे।
समाज ने इस घटना को अनुचित बताते हुए भविष्य में ऐसे गीतों का बहिष्कार करने की बात कही है। साथ ही यह भी कहा गया है कि गीत कहां और किसके द्वारा तैयार किया गया, इसकी समाज स्तर पर भी जांच की जाएगी।
जगदलपुर में इस घटना को गंभीरता से लेते हुए बस्तर पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने समाज प्रमुखों के साथ बैठक कर इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाने की आवश्यकता जताई है। बस्तर एसपी ने कहा है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहे संबंधित गीत को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
