पिंकी चौधरी हाउस अरेस्ट, पुलिस अलर्ट… मेरठ में आकांक्षा-शहवाज के निकाह को लेकर बढ़ा तनाव
गाजियाबाद पुलिस ने हिंदू रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी को देर रात करीब एक बजे उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया. पुलिस टीम ने उन्हें घर से बाहर न निकलने के निर्देश दिए क्योंकि उन्होंने 13 फरवरी को मेरठ में एक हिंदू युवती और मुस्लिम युवक के निकाह के विरोध में हिंदू महापंचायत बुलाने का आह्वान किया था. मेरठ के मवाना रोड स्थित पैराडाइज बैंक्विट में यह पंचायत होनी थी, जहां आकांक्षा गौतम और शहवाज की शादी प्रस्तावित थी. संभावित सांप्रदायिक तनाव और कानून व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने हिंदू नेताओं को उनके घरों पर ही रोक दिया है. मेरठ के मंडप एसोसिएशन ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पैराडाइज बैंक्विट हाल में होने वाले आकांक्षा और शहवाज के निकाह को आधिकारिक तौर पर रद्द कर दिया है. एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन को लिखित सूचना दी है कि अब वहां न तो कोई निकाह होगा और न ही महापंचायत की अनुमति दी जाएगी.
हाउस अरेस्ट के दौरान पिंकी चौधरी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर पुलिस कार्रवाई की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि वह मेरठ की महापंचायत में शामिल नहीं हो पाएंगे, इसलिए समर्थक वहां पहुंचकर मोर्चा संभालें.
