CG : रजनीश सिंह बने हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष, वकीलों ने मनाया जीत का जश्न

छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के 2026-2028 सत्र के लिए हुए चुनाव में अध्यक्ष पद पर एडवोकेट रजनीश सिंह बघेल ने जीत दर्ज की है। उन्होंने सीनियर एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव को 137 वोटों के अंतर से पराजित किया। वहीं सचिव पद पर अनिल त्रिपाठी निर्वाचित हुए हैं। इसके अलावा वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर गौतम खेत्रपाल और महिला उपाध्यक्ष पद पर मांडवी भारद्वाज ने जीत हासिल की। चुनाव परिणाम घोषित होते ही अधिवक्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। विजयी प्रत्याशियों ने ढोल-ताशों के साथ जश्न मनाया। गुरुवार को हुए इस चुनाव में कुल 1418 पंजीकृत मतदाताओं में से 1213 अधिवक्ताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इस तरह कुल मतदान प्रतिशत 85.54 फीसदी रहा। चुनाव में 17 अलग-अलग पदों के लिए कुल 61 उम्मीदवार मैदान में थे। मतदान के बाद शुक्रवार को मतपेटियां खोली गईं और सुबह 11 बजे से मतगणना शुरू हुई। मतगणना के बाद परिणाम देर शाम तक घोषित किए गए।

इस बार चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए सबसे अधिक 7 प्रत्याशी मैदान में थे। जिसमें रजनीश सिंह बघेल ने सीनियर एडवोकेट राजीव श्रीवास्तव को 137 वोटों के अंतर से हरा दिया। इसी प्रकार संयुक्त सचिव पद पर एडवोकेट विजय साहू, संयुक्त सचिव (महिला) आस्था शुक्ला, पुस्तकालय सचिव राहुल मिश्रा, खेल सचिव (पुरुष) अमन पांडेय व खेल सचिव (महिला) प्रज्ञा पांडेय ने जीत हासिल की। परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा, बार और बेंच के बीच बेहतर समन्वय और वकीलों की सुविधाओं के विस्तार के लिए कार्य करने का दावा किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed