SDM-नायब तहसीलदार की मारपीट में ग्रामीण की मौत, लाठी, घायल बोले- खेत से लौट रहे थे, एसडीएम सहित 4 हिरासत में
छत्तीसगढ़ : बलरामपुर जिले के हंसपुर गांव में कुसमी SDM और नायब तहसीलदार पर तीन ग्रामीणों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। मारपीट में घायल एक ग्रामीण की इलाज के दौरान कुसमी अस्पताल में मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल बताए जा रहे हैं। घटना कुसमी थाना क्षेत्र की है। राजस्व टीम हंसपुर में देर रात बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच के लिए पहुंची थी। घायलों का कहना है कि वे गेहूं के खेत में सिंचाई कर लौट रहे थे, तभी उन्हें रोका गया और पीटा गया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी और कुसमी थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल, मामले की जांच जारी है। हालांकि, इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। लेकिन SDM समेत 4 को हिरासत में लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कुसमी एसडीएम करूण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा राजस्व टीम के साथ रविवार देर शाम हंसपुर पहुंचे थे। टीम वहां बक्साइट के अवैध उत्खनन की जांच कर रही थी। रात में हंसपुर के तीन ग्रामीण सरना के पास टीम को मिले। आरोप है कि एसडीएम, नायब तहसीलदार और उनके साथ मौजूद युवकों ने तीनों ग्रामीणों को लाठी और लात-घूंसों से पीटा। इसके बाद तीनों को गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया गया। रास्ते में एक ग्रामीण की हालत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गया।
रास्ते में एक ग्रामीण के बेहोश होने के बाद टीम तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी लेकर पहुंची। इलाज के दौरान राम नरेश राम (60) की मौत हो गई। घायलों में अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) शामिल हैं।
घायल आकाश अगरिया और अजीत उरांव ने बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी डालने गए थे। रात करीब 8 बजे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान एसडीएम की गाड़ी और एक अन्य वाहन में सवार 6 से 7 लोगों ने सरना के पास उन्हें रोका और पूछताछ की। इसके बाद लाठी और लात से उनकी पिटाई कर दी गई। घायलों के मुताबिक, उन्हें जबरन गाड़ी में बैठाकर कुसमी ले जाया जा रहा था। रास्ते में राम नरेश राम बेहोश हो गया, जिसके बाद तीनों को अस्पताल पहुंचाया गया।कुसमी एसडीएम, नायब तहसीलदार और मारपीट में शामिल बताए गए युवकों को राजपुर थाने में रखा गया है।
