बिलासपुर केमिकल-पेंट फैक्ट्री में लगी भीषण आग, दमकल की मदद से बुझाने का प्रयास जारी
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर के इंडस्ट्रीयल क्षेत्र में अनव इंस्ट्रीज के फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में पेंट, टाइल्स और पुट्टी बनाने का काम होता है। जहां बड़ी मात्रा में केमिकल का इस्तेमाल होता है। बताया जा रहा है केमिकल के कारण आग तेजी से फैली और फैक्ट्री के अधिकांश हिस्से को चपेट में ले लिया। घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र की है। आग की तेज लपटें उठते देखकर लोगों ने दमकल बुलाया, आग को काबू में करने का प्रयास किया जा रहा है। आसपास का इलाका धुआं-धुआं हो गया है। किसी तरह की कोई जनहानि नहीं हुई है। सामान को नुकसान पहुंचा है। बता दें कि 2 महीने में सिरगिट्टी क्षेत्र में आग की यह दूसरी घटना है। इससे पहले फर्नीचर फैक्ट्री में लगी आग में 2 लोग जिंदा जल गए थे।
जानकारी के अनुसार शहर से लगे तिफरा स्थित अनव इंडस्ट्रीज है, जहां केमिकल के साथ ही पेंट, टाइल्स और पुट्टी बनाया जाता है। रोज की तरह कर्मचारी काम पर लगे हुए थे। इसी दौरान गोदाम के पास अचानक आग की लपटें उठने लगी। देखते ही देखते आग गोदाम में ज्वलनशील सामग्री तक पहुंच गई, जिससे आग ने भीषण रूप ले लिया। केमिकल की वजह से आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरा इलाका धुआं-धुआं हो गया। आग लगने के बाद कर्मचारी भी हरकत में आ गए। हालांकि, इस हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई है।
टीआई का कहना है कि, प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि फैक्ट्री में बिजली का काम चल रहा था। इस दौरान शार्ट सर्किट की वजह से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस की टीम मौके पर मौजूद है, आग को काबू में करने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके बाद आग लगने के कारणों की जांच की जाएगी।
