CG : भ्रष्टाचार करने वाले हमको बुद्धि ना दें… कांग्रेस पर बीजेपी विधायक का तीखा पलटवार
छत्तीसगढ़ में होली के दिन शराब दुकानों को खुले रखने के फैसले पर सियासी माहौल गरमा गया है। कांग्रेस ने इस निर्णय को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। कांग्रेस नेता और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय का कहना है कि होली एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील त्योहार है, जिसके दौरान पहले से ही आपराधिक घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में शराब दुकानें खुली रखने से हालात बिगड़ सकते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजस्व के लालच में प्रदेश को नशे की ओर धकेल रही है। वहीं, नई आबकारी नीति में ड्राई डे की संख्या सात से घटाकर तीन किए जाने के फैसले का बचाव करते हुए मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि समय और परिस्थितियों को देखते हुए नीतिगत निर्णय लिए जाते हैं। उन्होंने संत गुरु घासीदास बाबा के संदेश का उल्लेख करते हुए कहा कि खान-पान और व्यवहार का सीधा असर व्यक्ति के जीवन पर पड़ता है।
सरकार नशे के खिलाफ जनजागरूकता अभियान भी चला रही है और पदयात्राओं के माध्यम से लोगों को नशामुक्ति का संदेश दिया जाएगा। भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस लगातार आंदोलन और विरोध के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जनता ने भाजपा को व्यापक समर्थन दिया है और वर्तमान सरकार जनहित में काम कर रही है। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि जिन्हें खुद पर गंभीर आरोप झेलने पड़े हैं, वे दूसरों को सीख न दें।
