बिलासपुर कलेक्ट्रेट घेरने निकले कांग्रेसियों की पुलिस से झूमाझटकी, कार्यकर्ताओं ने घेराबंदी-बैरिकेड तोड़ा
केंद्र सरकार की तरफ से मनरेगा का नाम बदलने और एक्ट बनाने के विरोध में कांग्रेस ने बिलासपुर में प्रदर्शन किया। मनरेगा बचाव संग्राम नाम से नेहरू चौक पर सभा की, फिर शक्ति प्रदर्शन करते हुए कलेक्ट्रेट का घेराव निकल गए। जिन्हें पुलिस ने स्टेट बैंक ब्रांच के पास सड़क पर बैरिकेड लगाकर रोकने की कोशिश की। लेकिन पुलिस की घेराबंदी भेदकर कांग्रेसी आगे बढ़ गए हैं। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झड़प और झूमझटकी हुई। हालांकि, कलेक्ट्रेट घेरने में कांग्रेसी नाकाम रहे। जिला प्रशासन के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि, मांगे पूरी नहीं होगी तो सड़क से लेकर सदन तक आंदोलन जारी रहेगा।
पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष विजय केशरवानी ने कहा कि, बीजेपी सरकार गांधी के नाम से डरती है। वहीं, बिलासपुर अपर कलेक्टर शिव बनर्जी का कहना है कि, प्रदर्शन के दौरान कोई भी ऐसी स्थिति नहीं बनी है, जिससे कानून व्यवस्था बिगड़े। कांग्रेस ने शांति पूर्ण प्रदर्शन किया। इसके अलावा, प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ता एक साथ अपने-अपने घरों की ओर निकलने लगे। जिससे ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। इस प्रदर्शन में 2000 से अधिक लोगों की भीड़ जुटने का दावा किया गया।
