भारत में पहली एयर टैक्सी तैयार! अब शहरों में उड़ेगी, ऑफिस-स्कूल भी जाना होगा आसान
कभी सोचा था कि आप ऑफिस जाने के लिए एक ही शहर में एयर टैक्सी का इस्तेमाल करेंगे. बच्चे स्कूल या कॉलेज जाने के लिए बस, ऑटो, टेंपो या रिक्शा नहीं, बल्कि स्कूल और कॉलेज के कैंपस में एयर टैक्सी से उतरेंगे. ऐसी कल्पना आपने नहीं की होगी, लेकिन आपको बता दें कि यह अब सच होने जा रहा है. क्योंकि अब सड़कों से नहीं, बल्कि आसमान में रास्ता बनेगा. भारत में देश की पहली एयर टैक्सी चलाने की तैयारी पूरी हो चुकी है. इसमें एक बार में तीन लोग बैठ सकेंगे और एक ही शहर में ओला, उबर, ऑटो और टेंपो की तरह एयर टैक्सी में आसानी से बैठकर अपने ऑफिस जा सकेंगे. स्कूल कॉलेज या मार्केट तक आपको एयर टैक्सी पलक झपकते ही पहुंचा देगी. भारत सरकार से तो इसकी मंजूरी मिल चुकी है और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के साथ मिलकर बची हुई औपचारिकताओं को पूरा किया जा रहा है.
यह जानकारी दी है देश की पहली एयर टैक्सी बना रही ‘ई प्लेन’ कंपनी ने. आपको बता दें कि भारत मंडपम में इन दिनों देश और दुनिया भर के एक्सपर्ट आए हुए हैं. क्योंकि यहां इंडिया एआई इंपैक्ट समिट चल रहा है, जिसमें देश की पहली एयर टैक्सी आई तो देश-विदेश तक के लोग इसे देखकर दंग रह गए. इसे देखने वालों की लाइन लग गई. इसकी सबसे खास बात यह है कि यह मेड इन इंडिया है. यानी भारत ने खुद बनाया है, किसी चीन, जापान या विदेशी कंपनी का यह प्रोडक्ट नहीं है.
कंपनी की ओर से मौजूद विकल्प ने बताया कि इस एयर टैक्सी में एक बार में 3 लोग बैठ सकेंगे. इसमें एक पायलट होगा, 2 पैसेंजर होंगे. इसका किराया अभी तय नहीं हुआ है. इसे कैसे बुक करेंगे, इस पर भी अभी काम चल रहा है. 2028 तक पहली एयर टैक्सी चल लग जाएगी और इसकी शुरुआत अहमदाबाद, चेन्नई, पुणे और बेंगलुरु से की जाएगी. उसके बाद पूरे भारत भर में इसे चलाया जाएगा. 2021 में एक छोटा मॉडल इसका बनाया गया था, जो 9000 किलोमीटर तक उड़ चुका है.
विकल्प ने बताया कि हमारा प्रयोग एकदम सफल रहा है और आईआईटी मद्रास के साथ मिलकर 2019 से हमारी कंपनी एयर टैक्सी बनाने पर काम कर रही थी. इसकी सबसे खास बात यह है कि एयर टैक्सी एक ही शहर में एक जगह से दूसरी जगह यात्रियों को पहुंचाएगी जिस तरह से बस, ऑटो और रिक्शा यात्री को एक जगह से दूसरी जगह एक ही शहर में पहुंचाते हैं. वैसे ही एयर टैक्सी काम करेगी.
विकल्प ने बताया कि उनकी कंपनी ना सिर्फ एयर टैक्सी बना रही है. बल्कि एयर एंबुलेंस भी बना रही है. क्योंकि सड़कों पर एंबुलेंस ट्रैफिक जाम में फंसी रहती है, जिस वजह से लोगों की जान आफत में आ जाती है. एयर एंबुलेंस बनने से लोगों को सही समय पर अस्पताल पहुंचाया जाएगा. साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) के साथ मिलकर पूरा कॉरिडोर तैयार किया गया है, जिस कॉरिडोर में एयर टैक्सी और एयर एंबुलेंस को चलाया जाएगा.
उन्होंने बताया कि जो वर्तमान में हेलीपैड हैं, उन्हीं पर एयर टैक्सी चलेगी, लेकिन जैसे-जैसे इसकी संख्या बढ़ेगी. वैसे-वैसे हम इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाएंगे और हेलीपैड भी बढ़ाएंगे. इसे कैसे बुक करेंगे. इस पर अभी काम किया जा रहा है. अगले दो से 3 महीने के अंदर यह सब कुछ बनकर तैयार हो जाएगा.
