AI समिट हंगामा- यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु गिरफ्तार, 20 घंटे पूछताछ हुई

दिल्ली में AI इम्पैक्ट समिट हंगामा मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को आज गिरफ्तार किया गया। 23 फरवरी को दिल्ली पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया था, जो 20 घंटे चली। चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया है। पुलिस ने 7 दिन की रिमांड मांगी है। पुलिस का आरोप है कि भारत मंडपम में प्रवेश करने वाले प्रदर्शनकारी चिब के निर्देश पर अंदर गए थे। उनके संपर्क में थे। इस पर चिब के वकील ने कहा कि प्रदर्शनकारियों से 7-8 टी-शर्ट पहले ही बरामद की जा चुकी हैं। टी-शर्ट कहीं भी छपवाई जा सकती हैं, पुलिस ‘पूरी फैक्ट्री’ की जांच की बात कर रही है, केवल इस आधार पर कस्टोडियल इंटरोगेशन की जरूरत नहीं है। वहीं, कांग्रेस ने X पोस्ट में लिखा- दिल्ली पुलिस ने IYC के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है। ये गिरफ्तारी पूरी तरह से असंवैधानिक है। तानाशाह नरेंद्र मोदी की सनक का नतीजा है।

दरअसल, 20 फरवरी को इंडियन यूथ कांग्रेस के 11 सदस्यों ने भारत मंडपम में घुसकर AI समिट के दौरान शर्टलैस होकर PM मोदी की फोटो वाली टी-शर्ट लहराई थी। इस दौरान पीएम मोदी इज कॉम्प्रोमाइज्ड के नारे लगाए थे।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर से भी 3 कांग्रेस नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। 4 आरोपी घटना वाले दिन ही गिरफ्तार किए गए थे। चिब को मिलाकर मामले में अब तक 8 गिरफ्तारी हो चुकी हैं।

कांग्रेस ने X पोस्ट में लिखा- देश के संविधान ने हर नागरिक को विरोध का अधिकार दिया है। नरेंद्र मोदी इस अधिकार को ही छीन लेना चाहते हैं। हम इन हथकंडों से डरने वाले नहीं हैं।