केरल का बदल गया नाम, जानिए अब क्या कहलायेगा

भारत के दक्षिणी राज्य केरल को लेकर एक बड़ी खबर सामने आ रही है. केंद्रीय कैबिनेट ने केरल का नाम आधिकारिक तौर पर बदलकर केरलम करने के लंबे समय से रुके हुए प्रस्ताव पर मुहर लगा दी है. यह निर्णय राज्य में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों से ठीक पहले लिया गया है, जो राजनीतिक और सांस्कृतिक दोनों दृष्टियों से अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

केरल में 140 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होने वाले हैं. उम्मीद जताई जा रही है कि मई महीने से पहले मतदान की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी. हालांकि, अभी तक भारतीय चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज है. ऐसे समय में नाम परिवर्तन का यह फैसला बड़ा माना जा रहा है.

इस बदलाव की नींव मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने साल 2024 में रखी थी. उन्होंने राज्य विधानसभा में एक विशेष प्रस्ताव पेश किया था. मुख्यमंत्री का तर्क था कि मलयालम भाषा में राज्य को हमेशा से केरलम ही कहा जाता रहा है. उनकी मांग थी कि भारत के संविधान की आठवीं अनुसूची में शामिल सभी भाषाओं में राज्य का नाम केरल के बजाय केरलम कर दिया जाना चाहिए.

यह प्रस्ताव विधानसभा में दो बार पारित किया जा चुका था. पहली बार जब इसे केंद्र को भेजा गया था, तो केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसकी समीक्षा की और कुछ तकनीकी सुधारों के सुझाव दिए थे. उन सुधारों को लागू करते हुए 25 जून 2024 को विधानसभा ने इसे दोबारा सर्वसम्मति से पारित किया.

मुख्यमंत्री विजयन ने विधानसभा में बोलते हुए स्पष्ट किया था कि केरलम शब्द केवल एक नाम नहीं है, बल्कि यह मलयालम भाषी समुदायों के गौरव का प्रतीक है. उन्होंने बताया कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम के समय से ही मलयालम बोलने वाले क्षेत्रों को मिलाकर एक एकजुट केरलम बनाने की मांग उठती रही है. संविधान के अनुच्छेद 3 के तहत केंद्र सरकार के पास यह शक्ति है कि वह किसी राज्य के नाम, सीमा या क्षेत्र में बदलाव कर सके.

इस प्रस्ताव पर चर्चा के लिए केंद्रीय कैबिनेट की यह बैठक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नए कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित की गई. यह इस नए परिसर में होने वाली पहली कैबिनेट बैठक है. इससे पहले, 13 फरवरी को अंतिम बैठक साउथ ब्लॉक स्थित कार्यालय में हुई थी, जिसके कुछ घंटों बाद ही कार्यालय को नए स्थान पर स्थानांतरित कर दिया गया था.