बॉयफ्रेंड ने शादी नहीं की,तो गर्लफ्रेंड ने किया सुसाइड, कोरबा में बहन को कॉल कर बोली-जहर खा ली हूं

छत्तीसगढ़ के कोरबा में बॉयफ्रेंड ने शादी से इनकार किया, तो गर्लफ्रेंड ने जहर खाकर अपनी जान दे दी। बताया जा रहा है कि, लड़की 12 भाई-बहनों में 5वें नंबर की थी। वो अपने प्रेमी से शादी करना चाहती थी, लेकिन लड़का और उसका परिवार राजी नहीं था। जिससे वो परेशान थी। सोमवार को उसने जहर खा लिया। फिर बहन को कॉल कर जानकारी दी। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतिका की पहचान कृष्णो कुमारी (19) के रूप में हुई है। घटना करतला थाना क्षेत्र के सेन्द्रीपाली गांव की है। जानकारी के मुताबिक, साधराम और केवरा बाई अनपढ़ है। साधराम रोजी मस्तूरी और खेती किसानी करता है। इन दोनों के 12 बच्चे थे। जिसमें कृष्णो समेत 3 बच्चों की मौत हो चुकी है। अभी 2 बेटे समेत 9 बच्चे है। जबकि 5 बच्चों की शादी हो गई है। इनमें से 5वें नंबर की बेटी कृष्णो कुमारी अपने बड़ी दीदी और जीजा के साथ रहती थी।

उस गांव में रोशन कुमार (21) का आना जाना था। यहीं करीब 3 साल पहले दोनों की मुलाकात हुई और नंबर एक्सचेंज हुए। इनकी दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। रोशन उसके घर भी आने-जाने लगा। वो कृष्णो से शादी करने की बात कहता था।

अपने साथ घूमाता था। इनके बीच प्रेम प्रसंग का हल्ला पूरे गांव में फैल गया था। यह बात दोनों परिवारों को भी पता थी। जब युवती ने शादी के लिए दबाव बनाया, तो युवक और उसके घर वालों ने इनकार कर दिया। इससे परेशान होकर कृष्णो ने जंगल में सोमवार जहर खा लिया। जब तबीयत ज्यादा बिगड़ी तो उसने बहन को कॉल कर इसकी जानकारी दी। उसके बाद खुद ही पैदल चलकर घर पहुंची। परिवार ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई।

इस मामले में जिला अस्पताल चौकी प्रभारी ने बताया कि, जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर परिजनों का बयान दर्ज किया गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद आगे की जांच के लिए करतला थाने में भेजा जाएगा। फिलहाल, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।