कुंआ पूजन और जागरण के दौरान दो समुदायों में टकराव, 14 नामजद और 50 अज्ञात पर FIR
उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के गिनोरा शेख गांव में कुंआ पूजन और जागरण के कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर दो समुदाय आमने-सामने आ गए. देर रात शुरू हुआ यह विवाद धीरे-धीरे बढ़ता गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की और हाथापाई की नौबत आ गई. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार गांव में एक दलित परिवार के यहां बच्चे के जन्म के अवसर पर कुंआ पूजन और जागरण का कार्यक्रम चल रहा था. कार्यक्रम में डीजे बजाया जा रहा था. इसी दौरान दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने डीजे की आवाज को लेकर आपत्ति जताई. देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में झड़प में बदल गई. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विवाद बढ़ने पर मुस्लिम पक्ष के कुछ दर्जन लोग उनके घर में घुस आए और वहां मौजूद महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की. साथ ही जाति सूचक शब्दों का प्रयोग करने का भी आरोप लगाया गया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच बहस और विवाद दिखाई दे रहा है.
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. वरिष्ठ अधिकारियों ने भी मामले को गंभीरता से लिया. एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि एक पक्ष की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है. उन्होंने कहा कि गांव में पर्याप्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और शांति व्यवस्था कायम है.
पुलिस ने इस मामले में 14 नामजद और करीब 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है. अब तक 7 आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और अन्य की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है. पुलिस का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी को भी कानून व्यवस्था बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी.
