MP में ओले-बारिश, फसलों पर असर, 20 जिलों में बिगड़ा मौसम, मार्च की शुरुआत में भी गिरेगा पानी
मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और टर्फ के असर से मौसम बदला हुआ है। पिछले दो दिनों में प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई है। कुछ इलाकों में ओले भी गिरे हैं, जिससे गेहूं और चने की फसलों को नुकसान पहुंचा है। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन मार्च की शुरुआत में एक बार फिर बारिश हो सकती है। मंगलवार को छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, पांढुर्णा, रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, मंडला, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी सहित कई जिलों में मौसम बिगड़ा रहा। कहीं तेज आंधी के साथ बारिश हुई तो कहीं ओलावृष्टि दर्ज की गई।
24 घंटे के दौरान इन जिलों में भी बारिश हुई इससे पहले 24 घंटे के दौरान श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश दर्ज की गई। शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, मैहर, सीधी और सिंगरौली जिलों में ओलावृष्टि हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र को एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) प्रभावित कर सकता है। जिसका असर एमपी में भी देखने को मिलेगा। यानी, 1 और 2 मार्च को प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है।
