ड्रिंक ऑर्डर करने से पहले होता है हेल्थ चेकअप, कारण जान हो जाएंगे हैरान!

चीन के शहर शंघाई में एक अनोखी शुरुआत हुई है यहां एक ऐसा बार खुला है, जहां ड्रिंक ऑर्डर करने से पहले आपकी सेहत की जांच की जाती है. साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार, शंघाई में कुछ बार ऐसे हैं जहां “हेल्थ कॉकटेल” देने से पहले पारंपरिक चीनी चिकित्सा यानी Traditional Chinese Medicine (TCM) के आधार पर लोगों की पल्स (Pulse) जांची जाती है. एक पोस्टग्रेजुएट छात्रा, हेलन झाओ, जब इस बार में पहुंचती हैं तो सबसे पहले वह अपने दोनों हाथ आगे बढ़ाती हैं. डॉक्टर उनकी पल्स देखकर उनके शरीर की स्थिति समझते हैं. इसके बाद मिक्सोलॉजिस्ट (ड्रिंक बनाने वाला विशेषज्ञ) उनकी सेहत के हिसाब से खास जड़ी-बूटियों से बना कॉकटेल तैयार करता है. यह एक्सपीरियंस आम बार से बिल्कुल अलग है, क्योंकि यहां शराब की बोतलों की जगह दीवारों पर दवाइयों और जड़ी-बूटियों से दराजें सजी होती हैं.

आज के युवा “पंक वेलनेस” नाम की सोच को अपना रहे हैं. इसका मतलब होता है व्यस्त और तनाव भरी जिंदगी के बीच भी सेहत को पूरी तरह नजर अंदाज ना करना. SCMP के अनुसार, 26 वर्षीय झाओ बताती हैं कि उनकी जिंदगी आम युवाओं जैसी ही है देर रात तक काम करना और बाहर का खाना खाना. लेकिन काम के बाद एक ड्रिंक लेते समय अगर उन्हें अपनी सेहत के बारे में थोड़ी जानकारी भी मिल जाए, तो उन्हें सुकून और उम्मीद दोनों मिलते हैं. युवाओं के लिए यह जगह सिर्फ मौज-मस्ती का स्थान नहीं, बल्कि अपनी सेहत के प्रति जागरूक होने का एक नया तरीका बनती जा रही है.

बार के TCM विशेषज्ञ बताते हैं कि जड़ी-बूटियों और शराब का मेल कोई नई बात नहीं है. पारंपरिक चीनी चिकित्सा में “मेडिसिनल वाइन” यानी औषधीय शराब का जिक्र काफी पुराना है. हालांकि, वह साफ करते हैं कि इस बार का मकसद किसी बीमारी का इलाज करना नहीं है. इसका उद्देश्य सिर्फ लोगों को अपनी सेहत के प्रति जागरूक बनाना है. यहां दी जाने वाली ड्रिंक्स एक तरह से स्वास्थ्य जागरूकता का संदेश देती हैं.