क्रिकेट का मैदान बना जंग का अखाड़ा, रणजी फाइनल में जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा ने कर्नाटक के ख‍िलाड़ी को दे मारा सिर

रणजी ट्रॉफी 2026 फाइनल में क्रिकेट का मैदान दूसरे द‍िन (25 फरवरी) अखाड़ा बन गया. दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा और कर्नाटक के खिलाड़ी केवी अनीश के बीच तीखी झड़प ने माहौल को टेंशन वाला बना दिया. यह घटना बुधवार (25 फरवरी) को हुबली (Hubballi) में खेले जा रहे मुकाबले के दौरान जम्मू-कश्मीर की पारी के 101वें ओवर में हुई. जिसका वीड‍ियो सोशल मीड‍िया पर वायरल है.

जम्मू-कश्मीर की शुरुआत लड़खड़ाने के बाद डोगरा और कन्हैया वाधवन क्रीज पर टीम को संभाल रहे थे. इससे पहले शुभम पुंडीर (Shubham Pundir) और अब्दुल समद (Abdul Samad) आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे. इसी बीच डोगरा ने तेज गेंदबाज प्रस‍िद्ध कृष्णा (Prasidh Krishna) की गेंद को एज लेकर बाउंड्री की ओर भेजा. शॉट के तुरंत बाद उनका अनीश से कुछ कहासुनी हुई. अनीश उस समय सब्स्टीट्यूट फील्डर के तौर पर सिली-पॉइंट पर तैनात थे. देखते ही देखते बहस तेज हो गई. डोगरा आगे बढ़े और हेलमेट पहने हुए ही अनीश को सिर से टक्कर मार दी. इस हरकत से मैदान पर मौजूद खिलाड़ी और अंपायर तुरंत हरकत में आए और दोनों को अलग किया. कर्नाटक के कप्तान मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया, जिसके बाद मैच दोबारा शुरू हुआ.

डोगरा पहले दिन 48 गेंदों पर 9 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हो गए थे, लेकिन दूसरे दिन उन्होंने वापसी की और संयमित बल्लेबाजी की. वह दूसरे द‍िन 70 रन बनाकर श्रेयस गोपाल की गेंद पर बोल्ड हो गए. भारत में प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे अधिक रन बनाने वालों में वसीम जाफर शीर्ष पर हैं, जिन्होंने 1997 से 2020 के बीच 14,609 रन बनाए. उनके बाद चेतेश्वर पुजारा हैं, जिनके नाम 13,603 रन दर्ज हैं और औसत के मामले में वे (57.88) आगे हैं. तीसरे स्थान पर पारस डोगरा हैं, जिन्होंने 10,546 रन बनाए हैं.

दूसरे दिन स्टंप्स तक जम्मू-कश्मीर ने 156 ओवरों में 527/6 का विशाल स्कोर खड़ा कर लिया है. साहिल लोटरा 57 रन और आबिद मुश्ताक 20 रन बनाकर क्रीज पर डटे हैं.