हैदराबाद के चंद्रायनगुट्टा हनुमान मंदिर में तोड़-फोड़
हैदराबाद: पुराने शहर के चंद्रायनगुट्टा थाना परिधि के अंतर्गत बारकस स्थित श्री द्विमुखीय हनुमान मंदिर में सोमवार देर रात शरारती तत्वों ने हमला कर तोड़-फोड़ की। शरारती तत्वों ने मंदिर में प्रवेश कर भगवान की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह मंदिर खोलने के लिए आए पुजारी ने मंदिर में तोड़-फोड़ और प्रतिमा को क्षतिग्रस्त देख पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मंदिर परिसर पहुँच गई, लेकिन इसके पूर्व मंदिर पर हमले की घटना आग की तरह फैल गई। विरोध जताते हुए स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि कुछ दिनों से जान-बूझकर हिन्दू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर तोड़-फोड़ की जा रही है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। पूर्व जागरूकता के तौर पर मंदिर के पास पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस प्राप्त शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एन. रामचंदर राव ने चंद्रायनगुट्टा के बारकस इलाके में स्थित श्री द्विमुखी हनुमान मंदिर पर हुए हमले की निंदा करते हुए कहा कि अज्ञात आसामाजिक तत्वों द्वारा भगवान हनुमान की मूर्ति को क्षतिग्रस्त करना अमानवीय और घृणित कृत्य है। यह राज्य में चल रहे हिन्दू विरोधी शासन का प्रमाण है।
आरोप लगाया कि राज्य में मंदिरों और देवी-देवताओं की मूर्तियों पर हो रहे लगातार हमले कोई संयोग नहीं, बल्कि सनातन धर्म के खिलाफ सुनियोजित साजिश का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि अनेक घटनाओं के बावजूद सरकार की चुप्पी इन हमलों को परोक्ष समर्थन देने के समान है। कहा कि अपराधियों को मानसिक रूप से कमजोर, बीमार या भटके हुए बताकर मामले को हल्का करने की कोशिश की जा रही है, जबकि आवश्यकता सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि लगातार घटनाओं के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होना प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।
रामचंदर राव ने आरोप लगाया कि धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने, त्यौहारों को निशाना बनाने और मंदिरों में तोड़फोड़ की घटनाएँ कानून-व्यवस्था के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही हैं। उन्होंने राज्य की कांग्रेस सरकार पर वोट-बैंक की राजनीति को प्राथमिकता देने का आरोप लगाते हुए चंद्रायनगुट्टा हनुमान मंदिर हमले के दोषियों की तत्काल पहचान कर कड़ी सजा देने की माँग की। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी हिन्दू समाज और सनातन धर्म की रक्षा के लिए आंदोलन तेज करेगी।
