लखनऊ में IT का बड़ा वार, BSP विधायक उमाशंकर सिंह के घर से 10 करोड़ नकद बरामद
लखनऊ में बसपा के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के घर पर बुधवार से चल रही आयकर विभाग की छापेमारी गुरुवार को समाप्त हो गई। सूत्रों के मुताबिक, उनके आवास से करीब 10 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है। हालांकि उनके कार्यालय और अन्य ठिकानों पर कार्रवाई अभी जारी है। गोमतीनगर के विपुलखंड स्थित आवास पर जांच पूरी कर ली गई है। बलिया की रसड़ा विधानसभा सीट से विधायक उमाशंकर सिंह के लखनऊ, बलिया, सोनभद्र, कौशांबी, मिर्जापुर और प्रयागराज समेत 30 से अधिक स्थानों पर एक साथ छापे मारे गए। 50 से ज्यादा अधिकारियों की टीमें सुबह 11 बजे से देर रात तक जांच में जुटी रहीं। खबर लिखे जाने तक तीन करोड़ रुपये से अधिक की नकदी की गिनती हो चुकी थी, जो बाद में बढ़कर करीब 10 करोड़ बताई जा रही है।
आयकर विभाग की टीमों ने छात्रशक्ति कंस्ट्रक्शन कंपनी के कॉरपोरेट ऑफिस और वजीर हसन रोड स्थित करीबी ठेकेदार फैजी के ठिकानों को भी खंगाला। इसके अलावा सोनभद्र में साईं राम इंटरप्राइजेज के नाम से खनन कारोबार से जुड़े सीबी गुप्ता समेत कई कारोबारियों के यहां भी जांच जारी है। बताया जा रहा है कि छापेमारी के दौरान टैक्स चोरी और बेनामी संपत्तियों से जुड़े अहम सुराग मिले हैं। आयकर विभाग को सोनभद्र और मिर्जापुर में बीते वर्षों के अवैध खनन से जुड़े दस्तावेज हाथ लगे हैं, जिनमें कथित तौर पर कुछ अधिकारियों के नाम और भुगतान का उल्लेख है।गौरतलब है कि बीते वर्ष भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (CAG) की रिपोर्ट में सोनभद्र में अवैध खनन से करीब 60 करोड़ रुपये के राजस्व नुकसान की बात सामने आई थी। माना जा रहा है कि इसी रिपोर्ट के बाद यह बड़ी कार्रवाई की गई।
