विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचे सरेंडर नक्सली, रेड-कार्पेट बिछाए गए, जांच के बाद अंदर भेजा गया
छत्तीसगढ़ के सरेंडर नक्सली आज विधानसभा की कार्यवाही देखने पहुंचे हैं। माओवादी विचारधारा छोड़ने के बाद पहली बार ये पूर्व नक्सली सदन की कार्यवाही के साक्षी बनेंगे। इससे पहले गुरुवार रात डिप्टी सीएम विजय शर्मा ने अपने निवास पर इन सरेंडर नक्सलियों से मुलाकात की। निवास पर उनके लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और फूलों से स्वागत किया गया। वहीं आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और पर्यटनऔर संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के विभागों से जुड़े सवाल किए जाएंगे। आज प्रश्नकाल के दौरान सदन में अलग-अलग विभागों से जुड़े कई मुद्दे उठाए जाएंगे। विधायक पुन्नूलाल मोहले फसल उत्पादन और परीक्षण में हुए खर्च का मामला उठाते हुए सरकार से विस्तृत जानकारी मांगेंगे।
कुंवर सिंह निषाद घुमंतू पशुओं के रख-रखाव के लिए चलाई जा रही योजनाओं की स्थिति और खर्च को लेकर मंत्री रामविचार नेताम से सवाल करेंगे। विधायक संगीता सिन्हा बजट में शामिल कार्यों की वित्तीय स्वीकृति को लेकर वित्त मंत्री ओपी चौधरी से जवाब मांगेंगी। खरसिया विधायक उमेश पटेल फ्लाईऐश और कोल्ड डस्ट की अवैध डंपिंग के मामलों में की गई कार्रवाई को लेकर सवाल उठाएंगे। इसके अलावा बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर छत्तीसगढ़ संस्कृति परिषद के अंतर्गत आने वाली अकादमियों की जानकारी मंत्री राजेश अग्रवाल से लेंगे।
जबकि लखेश्वर बघेल बस्तर में संचालित आश्रम और छात्रावासों को लेकर जानकारी मांगेंगे। अवैध प्लाटिंग और बिना पंजीयन के चल रही कॉलोनियों का मुद्दा भी प्रश्नकाल में उठेगा। विधायक अनुज शर्मा इसकी जानकारी मंत्री ओपी चौधरी से लेंगे।
