SBI में महिला कैशियर ने उड़ाए 2.6 करोड़, बैंक रिकॉर्ड में हेराफेरी कर गायब की रकम
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में स्टेट बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए गबन करने वाली कैशियर को एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गिरफ्तार किया है। हेराफेरी उजागर होने के बाद कैशियर को निलंबित कर दिया गया था। वहीं, ACB में FIR भी दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद से आरोपी कैशियर फरार चल रही थी। मामला बिल्हा स्थित SBI शाखा का है। बिल्हा स्थित SBI शाखा में पिछले साल 2025 में बैंक की राशि में हेराफेरी करने का मामला सामने आया था। बैंक रिकॉर्ड और खातों की जांच के बाद पता चला कि बैंक में पदस्थ कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा और अन्य कर्मचारियों ने मिलकर बैंक के रिकॉर्ड और खातों में छेड़छाड़ किया। धोखाधड़ी कर 2 करोड़ 6 लाख 37 हजार रुपए का गबन कर लिया है।
बैंक में जमा राशि में अंतर आने के बाद शाखा प्रबंधक पीयूष बारा ने विभागीय जांच की, तब आर्थिक अनियमितता का पता चला। उन्होंने इसकी जानकारी मुख्यालय को दी, जिसके बाद कैशियर तेजवथ थीरापतम्मा को निलंबित कर दिया गया। साथ ही रिजनल बिजनेस ऑफिस (RBO) जगदलपुर में अटैच कर दिया गया। जून 2025 में निलंबन के बाद कैशियर ने न तो जगदलपुर में जॉइन किया और न ही बिल्हा ऑफिस आई, तब से वो ऑफिस से गायब थीं।
इससे पहले स्टेट बैंक ने विभागीय स्तर पर जांच की थी। जिसमें कैशियर तेजवथ और अन्य को आर्थिक अनियमितता कर राशि गबन करने के लिए दोषी पाया था। एसीबी बिलासपुर ने मामले की जांच के दौरान स्टेट बैंक के विभागीय जांच रिपोर्ट और अपने स्तर पर संकलित साक्ष्य जुटाए थे, जिसके बाद बाद से कैशियर की तलाश में जुटी थी। साथ ही बिल्हा शाखा में मुखबिर भी लगाया था। गुरुवार को पता चला कि कैशियर तेजवथ बैंक आई हैं, यह जानकारी मिलते ही टीम वहां पहुंच गई, जिसके बाद घेराबंदी कर कैशियर तेजवथ को गिरफ्तार कर लिया। उसे कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने का प्रयास किया जा रहा है।
