‘लड़ाई तुरंत रोकिए…’, इजरायल-अमेरिका-ईरान को चीन का दो टूक मैसेज

इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच चल रही जंग पर एक बार फिर चीन की प्रतिक्रिया सामने आई है. चीन ने एक बार फिर तीनों देशों को युद्ध रोकने के लिए कहा है. चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘ईरान के सुप्रीम लीडर पर हमला और उनकी हत्या करना, ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का घोर उल्लंघन है. ये संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों, सिद्धांतों और अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी स्टैंडर्ड का उल्लंघन है.’ हमले को लेकर मंत्रालय ने आगे कहा, ‘चीन इसका कड़ा विरोध करता है और इसकी कड़ी निंदा करता है. हम सैन्य अभियानों को तुरंत रोकने, तनाव की स्थिति को और बढ़ने से रोकने और मिडिल-ईस्ट और दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने के लिए मिलकर कोशिश करने की अपील करते हैं.’

चीन के विदेश मंत्रालय ने बताया कि उन्हें अमेरिकी सैन्य अभियानों की जानकारी पहले से नहीं दी गई थी. ईरान के चीन से मिसाइलें खरीदने की खबरों को विदेश मंत्रालय ने सिरे से खारिज कर दिया और इन्हें झूठा बताया.संयुक्त राष्ट्र में चीन के राजदूत फू कोंग ने तीनों देशों को हमला रोकने की सलाह दी थी. उन्होंने कहा था, ‘अंतर्राष्ट्रीय विवादों को सुलझाने का सही तरीका सैन्य बल नहीं है, बल्कि इससे सिर्फ नफरत और संघर्ष ही बढ़ते हैं.’