ईरान के पास 11 परमाणु बम बनाने का यूरेनियम : अमेरिका
व्हाइट हाउस ने दावा किया है कि तेहरान के पास ”11 बमों के बराबर परमाणु सामग्री” के लिए पर्याप्त उच्च संवर्धित यूरेनियम मौजूद है। साथ ही कहा कि हालिया वार्ताओं के निष्कर्षों ने राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के ईरानी परमाणु ठिकानों के खिलाफ सैन्य कार्रवाई शुरू करने के निर्णय को प्रभावित किया। ईरान के साथ हालिया वार्ताओं से परिचित एक वरिष्ठ अमेरिकी अधिकारी ने कहा, तेहरान के पास वर्तमान में कई ठिकानों पर लगभग 10,000 किलो संवर्धित यूरेनियम है, जिसमें 460 किलो 60 प्रतिशत शुद्धता तक संवर्धित यूरेनियम शामिल है। इसे उन्होंने हथियार-ग्रेड के बेहद करीब बताया। वहीं, दो अधिकारियों ने दावा किया कि ईरान अपने परमाणु कार्यक्रम के प्रमुख घटकों को संरक्षित करते हुए कूटनीति में देरी कर रहा था। बातचीत के दौरान बार-बार विस्तृत प्रस्ताव पेश करने से परहेज किया और ऐसा प्रतीत हुआ कि वे समय पाने के लिए यह कर रहे हैं। अधिकारी ने कहा, ”यह बिल्कुल स्पष्ट था कि वे परमाणु हथियार हासिल करने के लिए जितना हो सके उतना समय को खींचने की कोशिश कर रहे थे।” वार्ता के दौरान सामने आई सबसे चिंताजनक जानकारियों में से एक तेहरान रिसर्च रिएक्टर से संबंधित थी।
ईरानी अधिकारियों ने दावा किया कि यह संयंत्र नागरिक उपयोग के लिए चिकित्सा आइसोटोप का उत्पादन कर रहा था, लेकिन अमेरिकी वार्ताकारों ने कहा कि यह स्पष्टीकरण उपलब्ध आंकड़ों से मेल नहीं खाता।
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा संघ के महानिदेशक ने ट्रंप प्रशासन द्वारा व्यक्त किए गए उन विचारों का खंडन किया कि ईरान परमाणु हथियार बनाने का इरादा रखता है, लेकिन स्पष्ट किया कि ईरान के पास परमाणु-ग्रेड यूरेनियम का भंडार चिंता का विषय है।
