पंजाब पुलिस में 3000+ कॉन्स्टेबल पदों पर भर्ती, जानें कब से शुरू होंगे आवेदन
पंजाब पुलिस ने कॉन्स्टेबल पदों पर बड़ी भर्ती का ऐलान किया है. इस भर्ती अभियान के तहत 3 हजार से अधिक पदों को भरा जाएगा. चयनित उम्मीदवारों को डिस्ट्रिक्ट पुलिस कैडर और आर्म्ड पुलिस कैडर में तैनाती दी जाएगी. भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 मार्च से शुरू होगी. इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित तारीख से आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं.
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. वहीं एक्स-सर्विसमैन उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम योग्यता 10वीं पास रखी गई है. इसके अलावा उम्मीदवार ने 10वीं कक्षा पंजाबी विषय के साथ पास की होनी चाहिए या फिर पंजाबी भाषा के साथ समकक्ष परीक्षा पास की होनी चाहिए.
एज लिमिट की बात करें तो 1 जनवरी 2026 तक उम्मीदवार की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम 28 वर्ष निर्धारित की गई है. आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट भी मिलेगी. पंजाब पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा. वहां नए उम्मीदवारों को अपनी व्यक्तिगत जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन करना होगा. रजिस्ट्रेशन के बाद मिले लॉग इन आईडी और पासवर्ड से वेबसाइट पर लॉगइन करना होगा.
इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी ध्यान से भरनी होगी. फॉर्म भरने के बाद आवश्यक डॉक्यूमेंट जैसे पहचान पत्र, 10वीं की मार्कशीट, पता प्रमाण, पासपोर्ट साइज फोटो और सिग्नेचर स्कैन करके अपलोड करने होंगे. अंत में आवेदन शुल्क जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा और भविष्य के लिए उसका प्रिंट आउट सुरक्षित रख लेना चाहिए.
भर्ती प्रक्रिया में उम्मीदवारों को लिखित परीक्षा और फिजिकल टेस्ट से गुजरना होगा. लिखित परीक्षा में जनरल अवेयरनेस, क्वांटिटेटिव एप्टीट्यूड, न्यूमेरिकल स्किल्स, मेंटल एबिलिटी, लॉजिकल रीजनिंग, अंग्रेजी भाषा, पंजाबी भाषा और डिजिटल लिटरेसी से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे. परीक्षा में निगेटिव मार्किंग भी लागू होगी.
लिखित परीक्षा पास करने वाले उम्मीदवारों को फिजिकल स्टैंडर्ड टेस्ट (PST) के लिए बुलाया जाएगा. इसमें रनिंग, लॉन्ग जंप, हाई जंप और उम्मीदवार की ऊंचाई का माप लिया जाएगा. इन सभी चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों को अंतिम चयन लिस्ट में शामिल किया जाएगा.
