ग्वालियर में आग का तांडव… AC चालू करते ही घर में भीषण आग, महिला की मौत, 5 को बचाया

ग्वालियर: कोतवाली थाना क्षेत्र में रविवार शाम एक व्यापारी के घर में आग लग गई. आग इतनी भीषण थी कि, पीड़ित परिवार के पांच लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया लेकिन एक महिला की मौत हो गई है. आग पर काबू पाने के लिए फायर अमले को ग्वालियर के साथ साथ एयरफोर्स और बीएसएफ से भी फायर ब्रिगेड मंगानी पड़ी. हालांकि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया नहीं तो आसपास के घर और दुकानें भी इस आग की चपेट में आ जाती हैं. जिससे जान माल का खतरा बढ़ सकता था.

ग्वालियर के दौलतगंज इलाके में एक व्यापारी परिवार है. जिसमें तीन भाई दिनेश, हरिओम और गिर्राज जॉइंट फैमिली में रहते हैं. तीनों ही बिजनेसमैन हैं. 6 लोगों का यह परिवार घर की पहली और दूसरी मंजिल पर रहता था और ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें है. बताया जा रहा है कि, रविवार दोपहर अचानक घर में तेज आग की लपटे उठने लगी और चीख पुकार मच गई आस पड़ोस के व्यापारी और लोगों ने तुरंत घटना की जानकारी पुलिस और दमकल विभाग को दी. दमकल कर्मियों के साथ एसडीआरएफ की टीम ने घर के अंदर आग से घिरे परिवार के 6 लोगों को तुरंत रेस्क्यू किया. इनमें एक महिला अंकिता अग्रवाल को गंभीर हालत में निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. बताया जा रहा है कि महिला की मौत आग की वजह से घर में भरे धुएं से दम घुटने की वजह से हुई है.

इस पूरी घटना को लेकर जब नगर निगम आयुक्त से बात की गई तो उन्होंने बताया कि, आग को काबू पाने में करीब दो घंटे से ज़्यादा का समय लगा और 10 से ज़्यादा फायर ब्रिगेड इस्तेमाल करना पड़ी. आग की तीव्रता को देखते हुए ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन और टेकनपुर से भी फायरब्रिगेड की गाड़ियां बुलानी पड़ी थी. इस घटना में 6 लोगों को रेस्क्यू भी किया, जिनमें दो लोग मामूली झुलस गए थे, तीन को सुरक्षित बाहर निकल लिया गया था. लेकिन घर की बहू अंकिता को बेहोशी की हालत में अस्पताल ले जाया गया था. जहां उसकी मौत हो गई है.

शुरुआती पूछताछ और जांच में पता चला है कि, ये आग पहली मंजिल पर लगे एक एयरकंडीशन (एसी) में शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी थी. एसी का स्विच ऑन करते ही अचानक स्पार्क के साथ आग लगी जो इतनी तेज़ी से फैली की उसने विकराल रूप ले लिया और घर के सभी लोग इसमें फंस गए थे. हालांकि आग लगने के स्पष्ट कारणों की स्थिति अब तक साफ नहीं है, जिस पर अब जांच की जाएगी. पता लगाया जाएगा कि आख़िर ये आग अचानक कैसे लगी.