BMW पुलिया से टकराई, 2 करोड़ की कार चकनाचूर, जाने-माने बिजनेसमैन की मौत
राजस्थान के अलवर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक चेहरा सामने आया है. लग्जरी कार से सफर कर रहे जाने-माने उद्योगपति की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि करीब दो करोड़ रुपये की BMW कार के परखच्चे उड़ गए और उसका अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया. यह हादसा दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर अलवर जिले के अलवर के रेणी थाना क्षेत्र में हुआ, जहां तेज रफ्तार से आ रही लग्जरी कार अचानक अनियंत्रित होकर पुलिया की दीवार से टकरा गई. दुर्घटना में उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि चालक को हल्की चोटें आईं. अस्पताल ले जाने के बाद डॉक्टरों ने उद्योगपति को मृत घोषित कर दिया.
मिली जानकारी के अनुसार हादसा एक्सप्रेसवे के चैन नंबर 136.8 के पास हुआ. बताया जा रहा है कि BMW कार जयपुर से बड़ौदामेव की ओर जा रही थी. इसी दौरान अचानक कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे बने प्लांटेशन एरिया में स्थित पुलिया की दीवार से जा टकराई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के इलाके में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़ पड़े. जब उन्होंने कार की हालत देखी तो हर कोई स्तब्ध रह गया. कार का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक चुका था और गाड़ी का ढांचा बुरी तरह मुड़ गया था.
हादसे के बाद कार के अंदर फंसे उद्योगपति और चालक को बाहर निकालना आसान नहीं था. एक्सप्रेसवे पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन और एक्सप्रेसवे कंट्रोल रूम को दी. कुछ ही देर में पेट्रोलिंग टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई. कार की हालत देखकर बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी. कई घंटे की कोशिश के बाद दोनों को कार से बाहर निकाला जा सका. घायल अवस्था में दोनों को तुरंत पास के पिनान स्थित अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया. लेकिन उद्योगपति की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें तुरंत अलवर के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया.
अलवर के प्राइवेट अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी का इलाज शुरू किया, लेकिन चोटें इतनी गंभीर थीं कि उन्हें बचाया नहीं जा सका. अस्पताल पहुंचने के कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस खबर के सामने आते ही उनके परिजनों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों को तुरंत हादसे की सूचना दी गई और वे जल्द ही अलवर पहुंच गए.
घटना की जानकारी मिलते ही रेणी थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे से जुड़ी जानकारी जुटाई. इसके बाद वाहन को हटाकर यातायात सुचारु कराया गया. पुलिस ने उद्योगपति के परिजनों को सूचना देकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.
उद्योगपति वल्लभ माहेश्वरी के निधन की खबर सामने आते ही कई राजनीतिक नेताओं ने भी दुख व्यक्त किया. राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया पर शोक संदेश साझा करते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की. वहीं नेता प्रतिपक्ष ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की. कई अन्य जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भी इस दुखद घटना पर शोक व्यक्त किया.
मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने बताया कि कार की रफ्तार काफी ज्यादा थी. एक्सप्रेसवे के कर्मचारियों के अनुसार संभव है कि चालक को अचानक नींद की झपकी आ गई हो, जिसके कारण वाहन का संतुलन बिगड़ गया. बताया जा रहा है कि कार अचानक दाईं ओर मुड़ी और प्लांटेशन एरिया के पास बनी पुलिया की दीवार से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह टूट गया.
