डिप्टी सीएम विजय शर्मा बिहार राज्यसभा चुनाव पर्यवेक्षक बने, भाजपा अध्यक्ष नवीन ने दी जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा को राज्यसभा चुनाव के लिए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। भारतीय जनता पार्टी ने उन्हें बिहार में होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। जारी आदेश के मुताबिक, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने यह नियुक्ति की है। डिप्टी सीएम विजय शर्मा चुनाव प्रक्रिया के दौरान बिहार में पार्टी की रणनीति, संगठनात्मक गतिविधियों और समन्वय की निगरानी करेंगे। भाजपा संगठन के अनुसार, राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर अलग-अलग राज्यों में वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक बनाया जा रहा है, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से संचालित हो सके। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के डिप्टी सीएम विजय शर्मा को बिहार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

पार्टी नेताओं का कहना है कि विजय शर्मा संगठनात्मक अनुभव और राजनीतिक सक्रियता के कारण इस भूमिका के लिए उपयुक्त हैं। वे चुनाव के दौरान स्थानीय नेताओं और विधायकों से समन्वय स्थापित कर पार्टी की रणनीति को मजबूत करेंगे। भाजपा के इस फैसले को संगठन में उनके बढ़ते कद के रूप में भी देखा जा रहा है।

बिहार के CM नीतीश कुमार ने 5 मार्च 2026 को राज्यसभा के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। साथ ही ये भी तय हो गया कि अब नीतीश कुमार बिहार की राजनीति को अलविदा कह देश की राजनीति करेंगे। उन्होंने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया है, लेकिन तय है कि किसी भी वक्त CM पद छोड़ सकते हैं।