मोमोज और चाप खाने के बाद भाई-बहन की मौत, पुलिस ने रेहड़ी वाले को दबोचा

पंजाब : तरनतारन के डीएसपी वाली गली से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. यहां मोमोज और चाप खाने के कुछ ही देर बाद मासूम भाई-बहन की मौत हो गई. इस घटना से पूरे इलाके में मातम और दहशत का माहौल है. मृतकों की पहचान 7 वर्षीय आरव और 5 वर्षीय दानिका के रूप में हुई है. दोनों बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए तरनतारन अस्पताल भेज दिए गए हैं. परिजनों के अनुसार, शुक्रवार शाम बच्चों ने कुछ बाहर का खाने की जिद की थी. पिता उनके लिए बाजार से मोमोज और चाप खरीद कर लाए. बच्चों ने बड़े चाव से इन्हें खाया, लेकिन रात होते-होते उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी. बच्चों के शरीर पर लाल निशान उभर आए. इससे पहले कि परिवार उन्हें अस्पताल ले जाने का इंतजाम कर पाता, दोनों मासूमों ने दम तोड़ दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि मौत के असली कारणों का पता लगाया जा सके. इस घटना को लेकर आसपास के लोगों में आक्रोश देखा गया. पुलिस टीम ने आक्रोशित लोगों को समझाया. उन्हे आश्वासन दिया कि दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

तरनतारन सिटी थाने की पुलिस टीम मृतक बच्चों के घर पहुंची. पुलिस अधिकारी ने बताया, “जिस रेहड़ी वाले से चाप और मोमोज खरीदे गए थे, उसे हिरासत में ले लिया गया है. दोनों बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए तरनतारन अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि मौत फूड पॉइजनिंग से हुई है या कोई और वजह थी.