घर वाले बना रहे थे शादी का दबाव, महिला ने मुंडवा लिया सिर

आज के दौर में सोशल मीडिया सिर्फ मनोरंजन का साधन भर नहीं रह गया है, बल्कि यह ऐसे मंच के रूप मे उभरा है जहां कई बार ऐसी कहानियां सामने आती हैं जो समाज की सोच और परंपराओं पर सवाल खड़े कर देती हैं. हाल ही में इंटरनेट पर एक ऐसा ही वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक महिला ने शादी के लगातार बढ़ते दबाव से तंग आकर अपना सिर मुंडवा लिया. महिला का यह फैसला लोगों के लिए काफी चौंकाने वाला रहा. वहीं इस घटना ने कई लोगों को यह सोचने पर भी मजबूर कर दिया कि आखिर किसी की निजी जिंदगी और उसके फैसलों में समाज और परिवार की दखलअंदाजी कितनी जायज है.

महिला बताती हैं कि उन्हें अपने लंबे और खूबसूरत बाल बहुत पसंद थे. लेकिन पिछले कुछ समय से परिवार और आसपास के लोग उनसे लगातार शादी के बारे में सवाल कर रहे थे। हर मुलाकात और बातचीत का अंत शादी की बात पर ही होता था. इस लगातार दबाव ने उन्हें मानसिक रूप से बहुत परेशान कर दिया था.

एक समय ऐसा आया जब उन्हें लगा कि अब इस दबाव के खिलाफ कोई मजबूत संदेश देना जरूरी है. इसी वजह से उन्होंने अपना सिर मुंडवाने का फैसला किया. वीडियो में वह अपना मुंडा हुआ सिर दिखाते हुए कहती हैं कि यह फैसला लेना उनके लिए बिल्कुल आसान नहीं था, क्योंकि उन्हें अपने सुंदर लंबे बाल बहुत पसंद था. लेकिन उन्होंने अपनी जिंदगी के फैसले खुद लेने की आजादी को ज्यादा महत्वपूर्ण समझा. महिला ने समाज में मौजूद दोहरे मापदंडों पर भी सवाल उठाए. उनका कहना है कि अगर कोई पुरुष अपनी पसंद से बाल कटवा ले या अपने जीवन के बारे में कोई बड़ा फैसला ले, तो उसे सामान्य माना जाता है. लेकिन जब कोई महिला ऐसा करती है, तो उसे अजीब नजरों से देखा जाता है और लोग तरह-तरह की बातें करने लगते हैं. उन्होंने वीडियो में यह भी कहा कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या कर दिया कि लोग उन्हें अलग नजर से देखने लगे हैं. उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपनी जिंदगी अपने तरीके से जीने का पूरा अधिकार होना चाहिए.