YouTube से सीखा कैसे करते हैं अफीम की खेती, आरोपी विकास के मोबाइल में मिले सैकड़ों VIDEO

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के समोदा गांव में अफीम की अवैध खेती को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच में पता चला है कि, मुख्य आरोपी विकास विश्नोई ने अफीम की खेती करना यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था। उसके मोबाइल की हिस्ट्री में खेती से लेकर अफीम तैयार करने और खपाने तक के सैकड़ों वीडियो मिले हैं। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि, उसने समोदा गांव में अफीम की खेती की और करीब 150 ग्राम अफीम दुर्ग से राजस्थान अपने गांव भी ले गया था। इस मामले में पुलिस ने भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास विश्नोई और मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया है। कोर्ट ने तीनों आरोपियों को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

अब कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले के सभी फार्म हाउस की जांच के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने मौके से अफीम की फसल नष्ट कर दिया है। ट्रैक्टर, जेसीबी, हार्वेस्टर, बाइक, 7 बोरी डोडा, कृषि उपकरण और सीसीटीवी कैमरे समेत कई सामान जब्त किए हैं। बताया जा रहा है कि, आरोपी विकास विश्नोई पिछले करीब 6 साल से दुर्ग में रह रहा था। वो भाजपा नेता विनायक ताम्रकार के कपास के फॉर्म हाउस में अपनी पत्नी के साथ रहता था। 3 मार्च को खेत में लगी अफीम की फसल की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, तो पत्नी को दुर्ग से राजस्थान भेज दिया।

इस मामले में पुलिस ने आरोपी भाजपा नेता विनायक ताम्रकार, विकास विश्नोई और मनीष ठाकुर को मंगलवार को कोर्ट में दोबारा पेश किया गया। पहले रिमांड खत्म होने के बाद पुलिस ने दोबारा पूछताछ के लिए रिमांड मांगा। कोर्ट ने तीनों को दो दिन के लिए फिर से पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस अब उनसे अफीम की खेती से जुड़े दूसरे लोगों और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने की कोशिश कर रही है। अब जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है। दुर्ग कलेक्टर अभिजीत सिंह ने जिले में चल रहे सभी फॉर्म हाउस की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि, जिले के सभी तहसीलदार अपने-अपने इलाके के फॉर्म हाउस की जांच करें और उसकी रिपोर्ट सीधे उन्हें सौंपे।

कलेक्टर ने विनायक ताम्रकार की जमीन का सर्वे करने वाले कर्मचारी शशिकांत साहू और पटवारी अनीता साहू को शोकॉज नोटिस भी जारी किया है। प्रशासन यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि जमीन के सर्वे के दौरान इस तरह की खेती की जानकारी क्यों नहीं मिली। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान अफीम की अवैध खेती से जुड़ी कई चीजें भी जब्त की है। इनमें खेती में इस्तेमाल हो रहे दो ट्रैक्टर, जमीन समतल करने के लिए इस्तेमाल की जा रही दो जेसीबी मशीन और एक हार्वेस्टर मशीन शामिल है। इसके अलावा आरोपियों के पास से दो बाइक भी मिली है। पुलिस को मौके से अफीम की खेती से जुड़ी 7 बोरी डोडा भी मिला है।

साथ ही अफीम की खेती और उसे तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले कई कृषि औजार और उपकरण भी जब्त किए गए हैं। आरोपी के पास से पैन कार्ड, दूसरे व्यक्तिगत दस्तावेज और हिसाब-किताब की डायरी भी मिली है। खेत में सिंचाई के लिए इस्तेमाल हो रहे दो मोटर पंप और स्प्रिंकलर सिस्टम भी पुलिस ने जब्त किए हैं। इसके अलावा खेत की निगरानी के लिए लगाए गए सीसीटीवी कैमरे भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है।