सिवनी के समीप शहडोल-नागपुर एक्सप्रेस का ब्रेकयान पटरी से उतरा
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में शुक्रवार 13 मार्च को एक रेल हादसा हो गया। शहडोल से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन का सबसे अंतिम हिस्सा यानी ब्रेकवान अचानक पटरी से उतर गया। यह घटना खेराजी स्टेशन के समीप घटित हुई जिसके बाद पूरे रेल खंड में हड़कंप मच गया। इस हादसे में एक महिला यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है, जिसे जिला अस्पताल ले जाया गया है. बताया जाता है कि ट्रेन अपने निर्धारित मार्ग पर सामान्य गति से आगे बढ़ रही थी तभी अचानक आए जोरदार झटके के साथ ब्रेकयान के पहिए पटरी से नीचे उतर गए। इस अचानक हुई हलचल और तेज आवाज के कारण ट्रेन के भीतर सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया।
हादसे के दौरान कोच के भीतर सामान रखने वाली जगह से एक भारी अटैची अचानक नीचे गिर गई। यह अटैची सीधे एक महिला यात्री के ऊपर जा गिरी जिससे वह घायल हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, तकनीकी विशेषज्ञों की टीम, आरपीएफ और जीआरपी का बल तुरंत मौके पर पहुंच गया। घायल महिला को तत्काल अटेंड किया गया और स्थिति का जायजा लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार प्राथमिक जांच में इस दुर्घटना के पीछे तकनीकी कारणों की आशंका जताई जा रही है। हालांकि अभी वास्तविक कारणों की सटीक जानकारी के लिए विस्तृत तकनीकी परीक्षण किया जा रहा है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
ट्रेन के ब्रेक वैन के बेपटरी की घटना के बाद संबंधित रेल मार्ग पर यातायात पूरी तरह से बाधित हो गया है। तकनीकी अमला युद्ध स्तर पर पटरी को दुरुस्त करने और बेपटरी हुए ब्रेकवान को वापस ट्रैक पर लाने के कार्य में जुट गया है।
