9 दिन तक बर्फीले पहाड़ पर अकेला जिंदा रहा कुत्ता, 1900 मी ऊंचाई पर ऐसे बची जान

ग्रीस में एक कुत्ते की हैरान कर देने वाली कहानी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है. नौ महीने का एक कुत्ता, जिसका नाम एस्प्रौलिस है, बर्फ से ढके पहाड़ पर 9 दिन तक बिना खाने के जिंदा रहा. आखिरकार पर्वतारोहियों की एक टीम ने उसे ढूंढकर सुरक्षित नीचे उतारा. ग्रीक अखबार प्रोटो थेमा की एक रिपोर्ट के अनुसार, असप्रूलिस अपने मालिक क्रिस्टोस ज़ाचारिस के साथ हलिकी गांव में रहता है. जैकरिस गांव में एक पारंपरिक कैफे चलाते हैं. एक दिन फ्रांस से आए कुछ स्की पर्वतारोही उनके कैफे पर रुके. तभी असप्रूलिस उनके पीछे-पीछे चल पड़ा और पहाड़ की ओर निकल गया. कुत्ता पर्वतारोहियों के साथ लगभग चोटी तक पहुंच गया, लेकिन खतरनाक और फिसलन भरे रास्ते के कारण वह वापस नीचे नहीं आ सका और वहीं फंस गया.

बताया गया कि असप्रूलिस करीब त्सोकारेला शिखर के पास लगभग 1,900 मीटर की ऊंचाई पर फंसा रहा. बर्फ और बेहद ठंडे मौसम में उसने 9 दिन तक बिना खाना खाए गुजारा. इस दौरान उसके मालिक और स्थानीय लोग उसकी तलाश कर रहे थे. 5 मार्च को कुछ ग्रीक पर्वतारोही उसी पहाड़ की चढ़ाई कर रहे थे. तभी उन्हें दूर से किसी कुत्ते के रोने जैसी आवाज सुनाई दी. टीम की सदस्य मरीना कोराकी (Marina Koraki) ने बताया कि बर्फ में सफेद रंग होने के कारण कुत्ता दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन उसकी आवाज सुनकर उन्हें अंदाजा हुआ कि वह मदद मांग रहा है. इसके बाद टीम दो हिस्सों में बंट गई. कुछ लोग चढ़ाई जारी रखने लगे, जबकि अनुभवी पर्वतारोही कुत्ते को ढूंढने निकल पड़े.

जब पर्वतारोहियों ने असप्रूलिस को ढूंढा तो वह बहुत कमजोर हो चुका था. कई दिनों तक खाना न मिलने की वजह से उसका कॉलर भी ढीला पड़ गया था. टीम ने पहले उसे खाना खिलाया और फिर सावधानी से उसे नीचे लेकर आए. बाद में उसे उसके मालिक को सौंप दिया गया.