चैत्र नवरात्र पर डोंगरगढ़ में 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज, 19 से 27 मार्च तक 4 लोकल गाड़ियों का विस्तार, डोंगरगढ़-दुर्ग स्पेशल ट्रेन चलेगी
चैत्र नवरात्र 19 मार्च से शुरू हो रहा है। नवरात्रि के दौरान डोंगरगढ़ के मां बम्लेश्वरी मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। रेलवे ने डोंगरगढ़ स्टेशन पर 10 एक्सप्रेस ट्रेनों का स्टॉपेज दिया है। इसमें लंबी दूरी की गाड़ियां भी शामिल हैं। यह सुविधा 19 मार्च से 27 मार्च तक प्रभावी रहेगी। वहीं, 4 लोकल ट्रेनों का विस्तार किया गया है। जबकि, डोंगरगढ़-दुर्ग के बीच स्पेशल ट्रेन भी चलाई जाएगी।
हर साल की तरह इस साल भी डोंगरगढ़ में चैत्र नवरात्र के मौके पर मेला लगेगा। इस दौरान ट्रेनों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ने की संभावना है, क्योंकि चैत्र नवरात्रि में बड़ी संख्या में लोग मां बम्लेश्वरी देवी के दर्शन के लिए यहां पहुंचते हैं।
इसी को ध्यान में रखते हुए दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने खास इंतजाम किए हैं। इसके तहत कुछ ट्रेनों का अस्थायी स्टॉपेज दिया गया है, कुछ ट्रेनों का रूट बढ़ाया गया है और एक मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन भी चलाने का फैसला लिया गया है, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में आसानी हो सके।
ट्रेनों का विस्तार और स्पेशल ट्रेन की सुविधा
68742/68741 गोंदिया-दुर्ग-गोंदिया मेमू पैसेंजर रायपुर तक विस्तारित की जा रही है।
68729/68730 रायपुर-डोंगरगढ़-रायपुर मेमू पैसेंजर का गोंदिया तक विस्तार किया जा रहा है।
06886/06885 डोंगरगढ़-दुर्ग-डोंगरगढ़ मेमू पैसेंजर स्पेशल ट्रेन चलाई जा रही है।
श्रद्धालुओं के लिए इलाज, खाने-पीने समेत कई सुविधाएं
चैत्र नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं और पदयात्रियों की सुविधा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। कलेक्टर जितेंद्र यादव ने अधिकारियों को तैयारियों को लेकर निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने कहा कि मां बम्लेश्वरी के दर्शन के लिए देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु आते हैं, इसलिए सभी विभाग मिलकर काम करें ताकि किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो। खास तौर पर स्वास्थ्य और मेडिकल सुविधाओं पर ज्यादा ध्यान दिया जा रहा है। गर्मी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए कई व्यवस्थाएं की हैं। रास्ते में ओआरएस घोल और जरूरी दवाइयां उपलब्ध रहेंगी। पदयात्रियों के पैरों में छाले होने पर उनके इलाज के लिए मरहम-पट्टी की भी व्यवस्था रहेगी।
अंजोरा से अछोली तक सेवा पंडाल लगाए जाएंगे, जहां श्रद्धालुओं को आराम करने की जगह, पेयजल, चाय-नाश्ता और भोजन की सुविधा होगी।
