नीदरलैंड: एम्सटर्डम में यहूदी स्कूल के नजदीक जोरदार ब्लास्ट, मेयर ने बताया समुदाय पर हमला
नीदरलैंड की राजधानी एम्सटर्डम के एक रईस रिहायशी इलाके में स्थित यहूदी स्कूल शनिवार तड़के एक जोरदार धमाके से दहल उठा. शहर की मेयर फेमके हल्सेमा ने इस घटना को “यहूदी समुदाय के खिलाफ जानबूझकर किया गया हमला” करार दिया है. इस हमले के बाद पूरे शहर में सुरक्षा और सतर्कता बढ़ा दी गई है. रिपोर्ट्स के अनुसार, विस्फोट एम्सटर्डम के दक्षिणी हिस्से में स्थित स्कूल में हुआ. पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर तुरंत पहुंच गईं, जिससे नुकसान को सीमित रखने में मदद मिली. गनीमत यह रही कि धमाका तड़के हुआ जिससे स्कूल की इमारत को केवल मामूली नुकसान पहुंचा और कोई जनहानि नहीं हुई.
मेयर हल्सेमा ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इस हमले की घोर निंदा की है. उन्होंने स्पष्ट किया कि यह केवल एक दुर्घटना नहीं बल्कि समुदाय को डराने के उद्देश्य से किया गया कृत्य है. पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके. यहूदी संस्थानों के आसपास सुरक्षा पहरा भी कड़ा कर दिया गया है.
पिछले कुछ समय में यूरोप के विभिन्न शहरों में यहूदी संस्थानों को निशाना बनाने की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है. एम्सटर्डम की इस घटना ने स्थानीय यहूदी आबादी में चिंता पैदा कर दी है. मेयर ने आश्वासन दिया है कि शहर में नफरत और हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है और दोषियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लाया जाएगा.
