टाटा सूमो में आग…जिंदा जला शख्स, मच्छर भगाने की अगरबत्ती बनी हादसे की वजह

जबलपुर के सिहोरा में शनिवार,14 मार्च की सुबह एक टाटा सूमो में आग लग गई। जिससे उसमें सो रहा व्यक्ति जिंदा जल गया। आग की लपटों से पास स्थित एक दुकान भी चपेट में आ गई। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि मच्छर भगाने के लिए जलाई गई अगरबत्ती से गाड़ी के अंदर पड़े कचरे में अचानक से आग भड़क लग गई, जिससे व्यक्ति बाहर नहीं निकल पाया। बताते हैं, सूमो काफी पुरानी थी। जिसमें अक्सर व्यक्ति सो जाता था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना सिहोरा के वार्ड नंबर-3 की है। स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक लावारिस था। कई सालों से इलाके में खड़ी एक पुरानी टाटा सूमो में ही रह रहा था। बताते हैं, वह मानसिक रूप से अस्वस्थ था। आसपास से कूड़ा-कचरा और पन्नियां इकट्ठा कर गाड़ी में भरकर रखता था। लोगों ने बताया कि वह अक्सर गाड़ी के पास ही खाना बनाता और रात में उसी गाड़ी में सो जाता था।

बताते हैं, गाड़ी के अंदर बड़ी मात्रा में पन्नियां और ज्वलनशील कचरा रखा था, जिसमें आग तेजी से फैली। जब तक व्यक्ति बाहर निकलने की कोशिश करता, तब तक आग पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले चुकी थी। शख्स अंदर ही फंस गया। दम घुटने और बुरी तरह झुलसने से उसकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने धुआं और आग की लपटें देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को कॉल किए। साथ ही खुद भी लोगों ने आग बुझाने का प्रयास किया।

सूचना मिलने पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अभी मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।