धुरंधर 2 ने रिलीज से पहले ₹100 करोड़ कमाए, प्री-सेल्स में 200 करोड़ की टिकट बिक सकती हैं, 19 मार्च को रिलीज

बॉलीवुड फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिलीज से पहले ही 100 करोड़ रुपए कमा लिए हैं। फिल्म ने वर्ल्डवाइड एडवांस बुकिंग (प्री-सेल्स) में 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है। शनिवार के कारोबार के अंत तक फिल्म का कुल ग्लोबल एडवांस कलेक्शन लगभग 101 करोड़ रुपए रहा। इसमें भारत से 44 करोड़ और विदेशी बाजारों (ओवरसीज) से 57 करोड़ रुपए आए हैं। विदेशी बाजारों में फिल्म का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। ‘धुरंधर’ ने सिर्फ बॉलीवुड ही नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के प्री-सेल्स रिकॉर्ड्स बदल दिए हैं। ऑस्ट्रेलिया में फिल्म ने 1.05 मिलियन ऑस्ट्रेलियन डॉलर की कमाई कर ‘बाहुबली: द कंक्लूजन’ का सालों पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

विदेशी मार्केट्स में फिल्म की डिमांड इतनी ज्यादा है कि कई जगहों पर सिनेमाघर पहले ही फुल (हाउसफुल) हो चुके हैं। नॉर्थ अमेरिका में एडवांस बुकिंग करीब 3.40 मिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। ट्रेड जानकारों का मानना है कि यह जल्द ही 4 से 5 मिलियन डॉलर के आंकड़े को छू लेगी। दर्शकों की भारी भीड़ को देखते हुए डिस्ट्रीब्यूटर्स और एग्जीबिटर्स सोमवार और मंगलवार को फिल्म के और ज्यादा शोज बढ़ाने की तैयारी कर रहे हैं। वर्ल्डवाइड लेवल पर फिल्म की एडवांस बुकिंग आसानी से 150 करोड़ रुपए के पार निकल जाएगी। अगर भारत में फिल्म का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक रहा, तो प्री-सेल्स का आंकड़ा 200 करोड़ तक पहुंचना भी संभव लग रहा है।

इससे पहले ‘पुष्पा 2’, ‘लियो’ और ‘RRR’ जैसी फिल्में इस आंकड़े के करीब रही हैं। हालांकि, अगर ‘धुरंधर’ वहां तक पहुंचती है, तो यह पहली ऐसी फिल्म होगी जो इस मुकाम को हासिल करेगी। इससे पहले फिल्म धुरंधर के पहले पार्ट ने भारत के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया था। फिल्म ने दुनिया भर में करीब ₹1,303 करोड़ की कमाई की। भारत में फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन ₹1,005.85 करोड़ रहा, जबकि नेट कलेक्शन लगभग ₹836.95 करोड़ हुआ। इसके साथ ही यह भारत में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी सिंगल-लैंग्वेज फिल्म बन गई।