‘मैं मर गया लेकिन…’, मौत की अफवाहों के बीच कॉफी खरीदते दिखे नेतन्याहू, मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं मर गया हूं… कॉफी के लिए
इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अपनी मौत की अफवाहों पर सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर जवाब दिया है। सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि ईरान के हमले में उनकी मौत हो गई है। इन अफवाहों को खारिज करते हुए नेतन्याहू ने मजाकिया अंदाज में कहा, “मैं मर गया हूं… कॉफी के लिए।” यह वीडियो उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। वीडियो में वह एक कैफे में कॉफी ऑर्डर करते हुए दिखाई देते हैं और अफवाहों पर हल्के अंदाज में प्रतिक्रिया देते हैं। उन्होंने कहा, “आप जानते हैं, मैं अपने लोगों के लिए मरने को तैयार हूं। मेरे लोग जिस तरह से व्यवहार कर रहे हैं, वह शानदार है।”
वीडियो के दौरान बेंजामिन नेतन्याहू ने अपने दोनों हाथ कैमरे की ओर उठाकर दिखाए। दरअसल इससे पहले सोशल मीडिया पर कुछ पोस्ट में दावा किया गया था कि गुरुवार की उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस का एक वीडियो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बनाया गया है और उसमें उनके एक हाथ में छह उंगलियां दिखाई दे रही हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए नेतन्याहू ने मजाक में कहा, “क्या आप मेरी उंगलियां गिनना चाहते हैं? यहां देखिए और यहां भी। देख लिया? सब ठीक है।” अपने संदेश में नेतन्याहू ने इजरायल के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग बाहर जाकर ताजी हवा ले सकते हैं, लेकिन सुरक्षित जगह के पास ही रहें।
उन्होंने कहा कि जनता का हौसला उन्हें, उनकी सरकार, इजरायली सेना और खुफिया एजेंसी मोसाद को ताकत देता है। नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल ईरान पर लगातार कड़े हमले कर रहा है और यह कार्रवाई अभी जारी है। इससे पहले रविवार को ईरान की रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने बयान जारी कर कहा था कि वह नेतन्याहू को ढूंढकर मारेंगे। बयान में कहा गया कि अगर यह बच्चों का हत्यारा अपराधी जिंदा है, तो उसे पूरी ताकत से निशाना बनाया जाएगा।
ईरान और इजरायल के बीच जारी युद्ध अब 16वें दिन में पहुंच गया है। यह संघर्ष तब और बढ़ गया जब पिछले महीने अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर संयुक्त हमले किए थे, जिनमें ईरान के 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता आयतुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई थी। इसके बाद ईरान ने इजरायल और खाड़ी देशों में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले शुरू कर दिए, जबकि अमेरिका और इजरायल भी लगातार ईरान के ठिकानों पर हमले कर रहे हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार इस युद्ध में अब तक 2000 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अधिकतर लोग ईरान के बताए जा रहे हैं।
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन के मुताबिक युद्ध शुरू होने के बाद से अमेरिका और इजरायल की सेनाओं ने ईरान में 15,000 से ज्यादा ठिकानों को निशाना बनाया है। अमेरिकी मीडिया के अनुसार पेंटागन ने इस क्षेत्र में यूएसएस ट्रिपोली युद्धपोत और करीब 2500 मरीन सैनिक भी तैनात किए हैं।
