असम : 5 SSP की छुट्टी, स्पेशल ऑब्जर्वर की एंट्री, चुनाव से पहले ECI की बड़े स्‍तर पर सर्जरी

असम में आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने प्रशासनिक सर्जरी करते हुए बड़ा कदम उठाया है. आयोग ने राज्य के 5 जिलों माजुली, दक्षिण सलमारा, चिरांग और धेमाजी के एसएसपी (SSP) को तत्काल प्रभाव से हटाकर नए अधिकारियों की नियुक्ति के आदेश दिए हैं. निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए आयोग ने असम सरकार से नए आईएएस (IAS) अधिकारियों के पैनल की भी मांग की है जिन्हें जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) के रूप में तैनात किया जाएगा. साथ ही चुनाव आयोग ने रिटायर्ड आईएएस अधिकारी मंजीत सिंह को असम के लिए स्पेशल आब्जर्वर नियुक्त किया है. मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में स्पष्ट किया गया है कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए यह फेरबदल जरूरी था.

स्पेशल ऑब्जर्वर की नियुक्ति: चुनाव आयोग ने रिटायर्ड IAS अधिकारी मंजीत सिंह को असम के लिए स्पेशल ऑब्जर्वर नियुक्त किया है. वे राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया की निगरानी करेंगे.
5 जिलों के SSP का तबादला: आयोग ने कानून-व्यवस्था और चुनावी शुचिता बनाए रखने के लिए असम के 5 प्रमुख जिलों के एसएसपी (SSP) को तत्काल प्रभाव से हटा दिया है. इनमें माजुली, दक्षिण सलमारा, चिरांग और धेमाजी जैसे जिले शामिल हैं, जहाँ अब नए अधिकारियों की तैनाती की गई है.
IAS अफसरों के नामों की मांग: चुनाव आयोग ने असम सरकार के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर नए जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) की नियुक्ति के लिए योग्य IAS अधिकारियों के नामों का पैनल मांगा है. यह कदम चुनाव से पहले प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से उठाया गया है.