धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पास्टर अरेस्ट, बीमारी ठीक करने का लालच देकर हिंदू धर्म छोड़ने को प्रेरित करता था

रायपुर ग्रामीण पुलिस ने खरोरा में धर्म परिवर्तन कराने के आरोप में पास्टर को गिरफ्तार किया है। पास्टर पर ग्रामीणों को बीमारी ठीक करने का लालच देकर हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहने और ईसाई धर्म अपनाने के लिए दबाव बनाने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, कठिया नंबर-1, वार्ड क्रमांक 13, बजरंग पारा के निवासियों ने 15 मार्च को इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी पास्टर अनुप शेण्डे (28) गांव के लोगों को तबीयत ठीक करने का प्रलोभन देता था।

वह हिंदू धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक बातें कहकर उन्हें धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाता था। खरोरा पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 154/26 दर्ज किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 298, 299 और छत्तीसगढ़ धर्म स्वतंत्रता अधिनियम 1968 की धारा 4 के तहत मामला कायम किया गया।

पुलिस ने आरोपी अनुप शेण्डे निवासी नांदाफाटा (जिला बन्द्रपुर, महाराष्ट्र) और वर्तमान में राजीव नगर खरोरा निवासी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी अनुप शेण्डे ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार किया, परिजनों को सूचना दी और न्यायालय में न्यायिक रिमांड पर पेश किया।