गुजरात विधानसभा परिसर में बम की धमकी, ईमेल में लिखा- मुंद्रा पोर्ट पर मिसाइल हमले करेंगे
गुजरात में कई अहम स्थानों को बम ब्लास्ट से उड़ाने की धमकी मिली है। बुधवार सुबह आए ईमेल के बाद गांधीनगर में विधानसभा को खाली करवाकर चेक किया। इसके साथ मुंद्रा पोर्ट पर सुरक्षा को अलर्ट किया गया। ईमेल में अहमदाबाद के स्कूलों में भी ब्लास्ट की धमकी दी गई है। ईमेल में कच्छ जिले के मुंद्रा पोर्ट पर खड़े एलपीजी टैंकर को मिसाइल से उड़ाने की भी धमकी दी गई है। इसके साथ ही पीएम नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ राज्य के सीएम भूपेंद्र पटेल को गुजराती हिंदू चरमपंथी बताया गया है।
ईमेल में अहमदाबाद के तीन स्कूलों में ब्लास्ट की धमकी दी गई है। इन स्कूलों में मेमनगर स्थित महाराजा अग्रेशन स्कूल, घाटलोडिया स्थित कैलोरेक्स स्कूल और शांति एशियन स्कूल के नाम शामिल हैं। जांच टीमों ने तीनों स्कूलों की भी जांच की, लेकिन कुछ संदिग्ध नहीं मिला।

ईमेल मिलते ही पुलिस, बम स्क्वॉड और अन्य टीमें मौके पर पहुंचीं। विधानसभा से सभी विधायकों और मंत्रियों को सदन से बाहर निकाला गया और तलाशी अभियान चलाया गया। जांच में कोई संदिग्ध वस्तु न मिलने पर सदन की कार्यवाही एक घंटे की देरी से 10 बजे शुरू हुई।
