संसद पहुंचा ‘सरके चुनर तेरी’ सॉन्ग विवाद, अश्विनी वैष्णव बोले- गाने पर लगाया बैन
केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि नोरा फतेही के विवादित गाने ‘सरके चुनर तेरी सरके’ पर बैन लगा दिया गया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी उचित पाबंदियों के दायरे में ही होनी चाहिए, जो समाज और संस्कृति का सम्मान करती हों. लोकसभा में बोलते हुए वैष्णव ने कहा कि अभिव्यक्ति की आजादी पूरी तरह से असीमित नहीं हो सकती. उन्होंने कहा, ‘इस गाने पर बैन लगा दिया गया है. हमें बोलने की आजादी के तहत तय की गई उचित पाबंदियों के हिसाब से ही काम करना चाहिए. बोलने की आजादी पूरी तरह से असीमित नहीं हो सकती; इसे समाज और संस्कृति के संदर्भ में ही देखा जाना चाहिए.’
दरअसल, यह मुद्दा निचले सदन में समाजवादी पार्टी के सांसद आनंद भदौरिया ने उठाया था. उन्होंने सरकार से इस विवादित गाने के बारे में स्पष्टीकरण मांगा था. इस गाने में एक्ट्रेस नोरा फतेही और संजय दत्त नजर आए थे. यह गाना आने वाली कन्नड़ फिल्म ‘केडी: द डेविल’ का है. ऑनलाइन रिलीज होते ही यह गाना एक बड़े विवाद में घिर गया था. कई दर्शकों ने इसके लिरिक्स को अब तक का सबसे अश्लील और इसके सीन को काफी सेक्शुअल बताते हुए इस पर आपत्ति जताई.
#WATCH | Speaking in Lok Sabha, on the ban on Bollywood film song ‘Sarke Chunariya’, Union Minister for Information & Broadcasting, Ashwini Vaishnaw says,” A ban has been imposed on the song. We must operate according to the reasonable restrictions under the Freedom of Speech.… pic.twitter.com/TMSBaiLVke
— ANI (@ANI) March 18, 2026
इस गाने का हिंदी वर्जन इसी हफ्ते की शुरुआत में यूट्यूब पर अपलोड किया गया था. गाने पर विरोध तेज होने पर इसे बाद में हटा दिया गया. हालांकि कन्नड़, मलयालम, तेलुगु और तमिल भाषाओं वाले वर्जन अभी भी वीडियो-शेयरिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं. यह फिल्म 30 अप्रैल को रिलीज होने वाली है और ये एक पैन इंडिया रिलीज है.
इस गाने के ओरिजिनल लिरिक्स कन्नड़ भाषा में फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने लिखे थे. हिंदी वर्जन के गीतकार रकीब आलम ने इस विवाद से खुद को अलग कर लिया है. उन्होंने कहा कि उन्होंने तो बस ओरिजिनल बोलों को ट्रांसलेट किया था.
आलम ने कहा, ‘ये बोल मैंने नहीं लिखे हैं. इन्हें फिल्म के डायरेक्टर प्रेम ने कन्नड़ भाषा में लिखा था. जब मुझसे ये सब लिखने के लिए कहा गया, तो मैंने मना कर दिया था. मैंने कहा था कि ऐसे गाने नहीं चलेंगे और सेंसर बोर्ड भी इन्हें पास नहीं करेगा.’
इस गाने की कई जानी-मानी हस्तियों और राजनेताओं ने आलोचना की है. भाजपा सांसद रवि किशन ने कहा कि ये अश्लील है, इसे बढ़ावा नहीं दिया जाना चाहिए. एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने बॉलीवुड पर अश्लीलता की सारी हदें पार करने का आरोप लगाया.
अब इन सब विवाद के बीच आलम ने बताया कि फिल्म की टीम ने उनसे साफ-सुथरे बोलों वाला एक नया वर्जन लिखने को कहा है. संभव है कि विवाद और आलोचनाओं के बाद इस नए वर्जन को एक माफीनामे के साथ रिलीज किया जाए.
