नोरा फतेही का फूटा गुस्सा, “बिना इजाजत मेरा चेहरा इस्तेमाल किया”, विवादित गाने पर एक्ट्रेस ने पहली बार तोड़ी चुप्पी

बॉलीवुड की डांसिंग क्वीन नोरा फतेही पिछले कुछ दिनों से एक बड़े विवाद में फंसी हुई थीं, जिसे लेकर अब उन्होंने सोशल मीडिया पर आकर अपनी सफाई पेश की है। एक वायरल हो रहे हिंदी गाने को लेकर नोरा पर सवाल उठाए जा रहे थे, जिसके बाद अब एक्ट्रेस ने साफ कर दिया है कि इस पूरे मामले में उन्हें अंधेरे में रखा गया और उनके साथ धोखा हुआ है। हाल ही में एक हिंदी गाना रिलीज हुआ था जिसमें नोरा फतेही नजर आ रही थीं। गाने के बोल और उसके चेहरे को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बवाल मचा और लोगों ने नोरा के किरदार पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। नोरा ने अब इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट कर यह स्पष्ट किया है कि उन्होंने कभी भी इस हिंदी गाने के लिए शूट नहीं किया था। अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर साझा किए गए वीडियो और कैप्शन में नोरा काफी भावुक और गुस्से में नजर आईं। उन्होंने कहा: “मैं यह बिल्कुल नहीं चाहूंगी कि कोई भी यह सोचे कि मैं इस तरह की चीज का समर्थन करती हूं। आप लोगों के विरोध और दबाव की वजह से फिल्म निर्माताओं ने आखिरकार उस गाने को हटा लिया है, जिसके लिए मैं आप सभी का शुक्रिया अदा करती हूं।”

नोरा ने आगे स्पष्ट करते हुए कहा, “मैं फिर से यह दोहराना चाहती हूं कि मुझे इस हिंदी गाने के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। मैंने इस गाने पर परफॉर्म नहीं किया है और न ही मेरी इमेज (चेहरा) इस्तेमाल करने की कोई अनुमति ली गई थी।” उन्होंने साफ किया कि नोरा ने सिर्फ कन्नड़ में इस गाने को 3 साल पहले शूट किया था और उन्हें कन्नड़ ठीक से आती तक नहीं है।

नोरा ने अपने प्रशंसकों और इंटरनेट यूजर्स से अपील की है कि वे उस विवादित गाने को अब और शेयर न करें। उनका कहना है कि जितना ज्यादा इसे शेयर किया जाएगा, उतना ही उस गलत कंटेंट को प्लेटफॉर्म मिलेगा। नोरा ने यह भी कहा कि कुछ लोग इस स्थिति का फायदा उठाकर उनके चरित्र पर हमला कर रहे हैं, जो कि बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। नोरा ने आगे कहा कि मूल रूप से एक कन्नड़ फिल्म के गाने के लिए शूटिंग की थी। शूटिंग के दौरान उन्हें लिरिक्स का सही अनुवाद नहीं बताया गया और बाद में मेकर्स ने बिना उनकी जानकारी के उसका हिंदी वर्जन तैयार कर लिया, जिसमें आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया गया था।

नोरा ने अपनी पोस्ट के अंत में लिखा कि वे और उनकी टीम भविष्य में इस तरह के प्रोजेक्ट्स और अनुबंधों को लेकर बेहद सतर्क रहेंगे। फिलहाल, फिल्म मेकर्स द्वारा गाना हटा लिए जाने के बाद नोरा ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस घटना ने फिल्म इंडस्ट्री में कलाकारों की इमेज के गलत इस्तेमाल पर एक नई बहस छेड़ दी है।