​राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 25 IAS और 9 IPS अफसरों के तबादले

जयपुर : भजनलाल सरकार ने एक बार फिर नौकरशाही में बड़ा फेरबदल किया है. विधानसभा सत्र की समाप्ति के बाद से ही नौकरशाही में तबादलों की चर्चाएं जोरों पर थी. 13 मार्च को भी राज्य सरकार ने आईपीएस अफसरों की एक बड़ी तबादला सूची जारी की थी. गुरुवार देर रात सरकार ने एक बड़ी सूची जारी करते हुए 25 आईएएस (IAS) और 9 आईपीएस (IPS) अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं.

आईएएस अफसरों की तबादला सूची में सरकार ने जहां कई अधिकारियों पर से काम का बोझ कम किया है तो वहीं कई अफसरों को बड़े विभाग भी दिए गए हैं. मुख्यमंत्री के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा, प्रवीण गुप्ता जैसे अधिकारियों पर से काम का बोझ कम किया गया है. इसी तरह राजेश कुमार यादव, हेमंत कुमार गेरा, आलोक गुप्ता, शुचि त्यागी, कृष्ण कुणाल जैसे अधिकारियों को बड़े और भारी भरकम डिपार्टमेंट दिए गए हैं. जिन 25 आईएएस अधिकारियों के तबादले किए गए हैं उनमें से पांच एसीएस स्तर के अधिकारी हैं.

​जयपुर को मिला नया संभागीय आयुक्त ​राजधानी जयपुर के प्रशासनिक ढांचे में भी बड़ा बदलाव हुआ है। सरवन कुमार को जयपुर का नया संभागीय आयुक्त नियुक्त किया गया है. वे पूनम का स्थान लेंगे, जिन्हें अब महिला एवं बाल विकास विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है. इसके अलावा, आरती डोगरा को ऊर्जा विभाग का सचिव और जयपुर डिस्कॉम का एमडी नियुक्त किया गया है, जो राज्य की बिजली व्यवस्था के प्रबंधन में अहम भूमिका निभाएंगी.

​प्रशासनिक अधिकारियों के साथ-साथ पुलिस बेड़े में भी बदलाव की लहर दिखी है. सरकार ने 9 आईपीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं, जिनमें मुख्य रूप से पांच जिलों के पुलिस अधीक्षक (SP) बदले गए हैं. हनुमान प्रसाद मीणा अब जयपुर ग्रामीण के नए एसपी होंगे. ​चुनाराम जाट को बाड़मेर की जिम्मेदारी दी गई है. तो वहीं ​कावेंद्र सिंह सागर झुंझुनू, ज्येष्ठा मैत्रयी सवाई माधोपुर और निश्चय प्रसाद एम चूरू के नए एसपी बनाए गए हैं. ​इसके अतिरिक्त, राजधानी जयपुर की कानून व्यवस्था को मजबूत करने के लिए योगेश गोयल को डीसीपी ट्रैफिक और संजीव नैन को डीसीपी क्राइम के पद पर तैनात किया गया है. अनिल कुमार कमांडेंट पांचवी बटालियन आरएसी जयपुर,पीयूष दीक्षित पुलिस अधीक्षक भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो जयपुर के पद पर लगाया गया है. वहीं राज्य सरकार ने 13 मार्च को जिन अधिकारियों के तबादले किए गए थे उनमें से पांच आईपीएस अफसर के तबादले निरस्त किए गए हैं. यह अधिकारी अब अपने पुराने स्थान पर ही काम करेंगे.

​प्रमुख नियुक्तियों पर एक नज़र (IAS):-

अखिल अरोड़ा- एसीएस, मुख्यमंत्री राजस्थान जयपुर
अर्पण अरोड़ा- एसीएस, खान पेट्रोलियम विभाग
श्रेया गुहा- महानिदेशक, HCM RIPA और एमडी, राजस्थान वित्त निगम
प्रवीण गुप्ता- एसीएस,सार्वजनिक निर्माण विभाग और खेल युवा मामले
अजिताभ शर्मा- अध्यक्ष, राजस्व मंडल
आलोक गुप्ता- एसीएस -नगरीय विकास और अध्यक्ष राजस्थान आवासन मंडल जयपुर
दिनेश कुमार एसीएस, प्रशासनिक सुधार, सामाजिक न्याय, पंचायती राज और बाल अधिकारिता विभाग
राजेश यादव- एसीएस-स्कूल शिक्षा और संस्कृत शिक्षा विभाग
हेमंत कुमार गेरा- प्रमुख सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग जयपुर.
टी रविकांत- प्रमुख सचिव, राजस्व एवं उपनिवेशन विभाग जयपुर
भवानी सिंह देथा- प्रमुख सचिव, परिवहन विभाग, अध्यक्ष राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम जयपुर
विकास सीताराम भाले- प्रमुख सचिव, पशुपालन, मत्स्य, गोपालन विभाग जयपुर
देवाशीष पृष्टि-अध्यक्ष, राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल जयपुर
कृष्ण कुणाल- सचिव, ग्रामीण विकास विभाग जयपुर
नीरज के पवन- महानिदेशक, इंदिरा गांधी पंचायती राज संस्थान जयपुर.
समित शर्मा- सचिव,सहकारिता विभाग, प्रशासक,राजफेड जयपुर
आरूषी मलिक- सचिव, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, प्रबंध निदेशक राज्य भंडारण निगम और सचिव शांति अहिंसा विभाग जयपुर
डॉ जोगाराम, सचिव और आयुक्त पंचायती राज जयपुर
पीसी किशन- सचिव, श्रम कारखाना बॉयलर विभाग
पूनम सचिव, महिला बाल विकास जयपुर
आरती डोगरा- सचिव, ऊर्जा विभाग, प्रबंध निदेशक जयपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड
सरवन कुमार- संभागीय आयुक्त जयपुर
आनंदी आयुक्त वाणिज्य कर विभाग जयपुर
शुचि त्यागी- सचिव, पर्यटन विभाग, कला, साहित्य, संस्कृति, अध्यक्ष आरटीडीसी और सीईओ आमेर विकास प्राधिकरण और देवस्थान विभाग.

इन आईपीएस अफसरों के हुए तबादले :-

चूनाराम जाट- एसपी, बाड़मेर
संजीव नैन- डीसीपी क्राइम जयपुर
योगेश गोयल- डीसीपी ट्रैफिक जयपुर
अनिल कुमार- कमांडेंट पांचवी बटालियन आरएसी जयपुर
हनुमान प्रसाद मीणा- एसपी जयपुर ग्रामीण
कावेंद्र सिंह सागर- पुलिस अधीक्षक झुंझुनू
पीयूष दीक्षित- एसपी, एसीबी जयपुर
ज्येष्ठा मैत्रयी- एसपी, सवाई माधोपुर
निश्चय प्रसाद एम- एसपी, चूरू