आरजी-कर रेप पीड़ित की मां को बीजेपी देगी टिकट, असम CM हिमंता कामरूप में आज नामांकन दाखिल करेंगे
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) आरजी कर रेप केस पीड़ित की मां को चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है। पीड़ित की मां ने बताया कि उन्हें नॉर्थ 24 परगना की पानीहाटी सीट से उतारा जा सकता है। इस बीच, भाजपा ने गुरुवार को 112 सीटों पर उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी। वहीं ममता बनर्जी आज TMC का घोषणापत्र जारी करेंगी। बीजेपी ने असम चुनाव के लिए भी 88 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। सीएम हिमंता बिस्वा सरमा जलुकबाड़ी से छठी बार मैदान में हैं। सरमा 2001 से इस सीट पर जीत रहे हैं। सरमा, कामरूप में नामांकन दाखिल करेंगे। इससे पहले उन्होंने रोड शो भी किया। इधर, कांग्रेस और रायजोर में अलायंस फाइनल हो गया है।
केरल विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने गुरुवार को 37 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। इससे पहले 17 मार्च को पार्टी ने 55 उम्मदीवारों के नाम की घोषणा की थी। 9 अप्रैल को होने वाले चुनावों में पार्टी ने अपने किसी भी सांसद को चुनाव मैदान में न उतारने का फैसला किया है।
उधर, पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और AINRC के संस्थापक-अध्यक्ष एन. रंगासामी गुरुवार को पड़ोसी राज्य तमिलनाडु के मंदिरों की तीर्थयात्रा पर गए। मुख्यमंत्री ने सेलम में श्री सद्गुरु अप्पा पैथियम स्वामीगल मंदिर के दर्शन किए, और उन्होंने तिरुचेंदूर में सुब्रमण्य स्वामी मंदिर तथा मदुरै में मीनाक्षी मंदिर में भी पूजा-अर्चना की।
बंगाल में चुनाव निगरानी के दौरान फ्लाइंग स्क्वाड टीम (FST) ने ECO पार्क थाना क्षेत्र के CC-2 के पास एक संदिग्ध वाहन को रोका। जांच के दौरान कार में सवार ठाकोर सुराजी अभेसंग की पहचान हुई। तलाशी लेने पर वाहन से 25 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
असम के मुख्यमंत्री और BJP कैंडिडेट हिमंत बिस्वा सरमा ने गुवाहाटी में रोड शो किया। इसमें सैकड़ों समर्थक शामिल हुए।
उन्होंने कहा कि मेरे क्षेत्र से बड़ी संख्या में लोग यहां आ रहे हैं। हमें सभी का आशीर्वाद मिल रहा है।
